![]()
आगरा जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 4:15 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कमतरी-चंद्रपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर पहले पेड़ से टकराई और फिर चंबल नहर में जा गिरी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस और ग्रामीणों ने राहत-बचाव कार्य चलाया। कार में सवार थे चार युवक हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। इनमें सचिन पुत्र महेंद्र, टीपू उर्फ दीपू पुत्र अतरसिंह, नीरज पुत्र महेंद्र और नरेश पुत्र लालाराम शामिल थे। सभी आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र के बसई खुर्द के निवासी बताए गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और जैतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को नहर से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह भेजा गया। एक की मौत, एक की हालत गंभीर सीएचसी बाह में डॉक्टरों ने सचिन पुत्र महेंद्र को मृत घोषित कर दिया। वहीं टीपू उर्फ दीपू की हालत गंभीर होने पर उसे एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा रेफर किया गया। अन्य दो घायलों का उपचार जारी है। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि मृतक का पंचनामा भरकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। नहर में गिरी कार को भी बाहर निकलवा लिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
Source link
