आगामी 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। इसी क्रम में रविवार को राजेंद्र स्टेडियम, सीवान में मुख्य समारोह की परेड का पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय एवं पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने संयुक्त रूप से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर परेड पूर्वाभ्यास का निरीक्षण किया और तैयारियों का जायजा लिया। पूर्वाभ्यास के दौरान झंडे की सलामी, मार्चपास्ट, राष्ट्रगान सहित अन्य सभी औपचारिक प्रक्रियाओं का अभ्यास कराया गया। परेड में पुरुष सशस्त्र बल, महिला सशस्त्र बल, गृह रक्षा वाहिनी के जवान, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट एवं गाइड के प्लाटून शामिल हुए। सभी टुकड़ियों ने अनुशासन और तालमेल के साथ मार्चपास्ट कर अपनी तैयारियों का प्रदर्शन किया। सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की
जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने समारोह स्थल पर मौजूद वरीय अधिकारियों के साथ साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था, माइकिंग सिस्टम, मंच सज्जा, दर्शक दीर्घा, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की। सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं
उन्होंने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि समारोह गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। पुलिस बल की तैनाती की जाएगी
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। मुख्य समारोह राजेंद्र स्टेडियम में संपन्न होगा
मीडिया से बातचीत में जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने बताया कि 26 जनवरी को जिले के विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं संस्थानों में झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्य समारोह राजेंद्र स्टेडियम में संपन्न होगा, जहां जिले के प्रभारी मंत्री प्रमोद चंद्रवंशी द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी, जो जिले की उपलब्धियों, विकास योजनाओं और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करेंगी। उन्होंने बताया कि झांकियों एवं मार्चपास्ट की तैयारियों का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि समारोह भव्य और यादगार बनाया जा सके।
Source link
