बहराइच जनपद में परिवार नियोजन कार्यक्रम को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले स्वास्थ्य कर्मियों और सहयोगी संस्थाओं के लिए सीएमओ सभागार में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग के मार्गदर्शन में पॉपुलेशन फाउंडेशन ऑफ इंडिया और मोबियस फाउंडेशन के सहयोग से ‘उम्मीद परियोजना’ के तहत संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजय कुमार ने बताया कि उम्मीद परियोजना के अंतर्गत परिवार नियोजन में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को वर्ष में दो बार सम्मानित करने का प्रावधान है। इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 का पहला सम्मान समारोह अप्रैल से सितंबर 2025 की उपलब्धियों के आधार पर आयोजित किया गया। डॉ. कुमार ने कहा कि परिवार नियोजन केवल एक सेवा नहीं, बल्कि समाज के संतुलित विकास की नींव है। उन्होंने आशा, एएनएम, सीएचओ से लेकर चिकित्सकों तक की टीम के समन्वय से काम करने पर जोर दिया, जिससे समुदाय में विश्वास बढ़ता है और लोग स्थायी और अस्थायी साधनों को अपनाते हैं। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) डॉ. आर.बी. वर्मा ने बताया कि सम्मान से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है और वे अधिक प्रतिबद्धता के साथ काम करते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि एचएमआईएस पोर्टल के अनुसार, 1 अप्रैल 2025 से 20 दिसंबर 2025 तक जनपद बहराइच में परिवार नियोजन के अंतर्गत उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। इस अवधि में जिले में कुल 22 पुरुष नसबंदी, 2200 महिला नसबंदी, 9935 आईयूसीडी, 20515 पीपीआईयूसीडी तथा 44007 अंतरा सेवाएं लाभार्थियों को प्रदान की गईं। सम्मान समारोह में परिवार नियोजन सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आशा कार्यकर्ता, आशा संगिनी, एएनएम, सीएचओ, स्टाफ नर्स, परिवार नियोजन परामर्शदाता, बीएचडब्ल्यू, बीसीपीएम, बीपीएम, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक, आईसीटीसी काउंसलर, फार्मासिस्ट, सीएचसी अधीक्षक, सर्जन, एआरओ, डीएचईआईओ, डीपीएम, एफपी-एलएम इंचार्ज, चीफ फार्मासिस्ट, वार्ड बॉय, एम्बुलेंस ड्राइवर सहित यूपी टीएसयू, सीफार एवं पीएफआई के प्रतिनिधियों सहित कुल 61 लोगों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, परियोजना प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
Source link
