लखनऊ के अलीगंज इलाके में देर रात सीएनजी स्टेशन पर दबंगई और मारपीट का मामला सामने आया है। लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे एक परिवार के साथ कुछ युवकों और महिलाओं ने मारपीट की। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। सीतापुर रोड स्थित महाराजा अग्रसेन नगर निवासी अनुपम जैन के मुताबिक, वह अपनी बहन प्रिया जैन और बहनोई रिषभ अग्रवाल के साथ बुधवार देर रात करीब 11:30 बजे अलीगंज स्थित ग्रीन गैस लिमिटेड (इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप) के सीएनजी स्टेशन पर कार में गैस भरवाने गए थे। अनुपम ने बताया कि उनकी कार लाइन में लगी थी। इसी दौरान सफेद रंग की टाटा पंच कार (UP32 QD 8695) अचानक कतार तोड़ते हुए उनकी गाड़ी के आगे आकर खड़ी हो गई। विरोध करने पर कार सवार युवक नीचे उतर आए और गाली-गलौज करने लगे। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी नशे में थे। बात बढ़ने पर उन्होंने अनुपम, उनकी बहन और बहनोई के साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर-शराबा होने पर आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। अनुपम जैन ने थाना मड़ियांव में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने पुलिस से सीएनजी स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।
Source link
