हरियाणा के हांसी जिले के नारनौंद थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ और जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश का मामला सामने आया है। यह घटना 28 जनवरी की बताई जा रही है। पीड़िता 11वीं कक्षा की छात्रा है। नारनौंद थाना पुलिस ने नामजद आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, अपहरण और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, घटना 28 जनवरी को सुबह करीब 9 बजे हुई, जब छात्रा अपने घर से स्कूल जा रही थी। रास्ते में एक युवक स्कॉर्पियो गाड़ी लेकर आया और छात्रा के आगे रोक दी। आरोप है कि युवक ने छात्रा का हाथ पकड़कर उसे जबरन गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी युवक अपनी गाड़ी लेकर भाग गए। परिवार ने पहले शर्म और भय से दर्ज नहीं कराई शिकायत परिवार के अनुसार, घटना के तुरंत बाद सामाजिक शर्म और भय के कारण शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। बाद में, छात्रा अपनी मां के साथ थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ लिखित शिकायत दी। पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 75, 140(3), 62 और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। नारनौंद थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
