रायबरेली के सरेनी थाना क्षेत्र के भगता खेड़ा गांव में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई। इस दौरान लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में महिलाएं, युवतियां और युवक एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करते साफ दिखाई दे रहे हैं। मारपीट के कारण गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना में रूबी, सुरेखा, कमलेश निषाद और रत्ना देवी घायल हुए हैं। घायलों में रूबी के सिर में गंभीर चोट आई है, जिसके दो टांके लगाए गए हैं। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि विपक्षी पक्ष के लगभग 15 लोगों ने एकजुट होकर उन पर हमला किया। घटना के बाद पीड़ितों ने सरेनी थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। मामले का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हुई है। इस संबंध में थाना प्रभारी रमेश चंद्र यादव ने बताया कि वीडियो के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोषियों की पहचान कर कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
Source link
