अलीगढ़ में थाना जवां के गांव सुनाना में मंगलवार देर रात बरात में आपत्तिजनक गाने को लेकर दो समुदाय आपस में भिड़ गए। इस विवाद में जमकर ईंट-पत्थर चले, जिससे गांव के घरों और बरात में आए वाहनों को नुकसान पहुंचा है। उधर पुलिस ने स्थिति को काबू किया और भारी सुरक्षा के बीच शादी की रस्में पूरी कराईं। मोबाइल से डीजे पर बजाया गाना पलवल से आई यह बरात अनुसूचित जाति के पप्पन के घर जा रही थी। बरात जैसे ही ठाकुरों के मोहल्ले से गुजरी, बरात में शामिल एक युवक ने अपने मोबाइल से डीजे पर एक जातिगत भावनाओं को भड़काने वाला गाना बजा दिया। स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया। थोड़ी ही देर में बहस गाली-गलौज में बदल गई और देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच पथराव शुरू हो गया। पुलिस के घेरे में हुई ‘सात फेरों’ की रस्म हंगामे की सूचना मिलते ही जवां थाना पुलिस और आला अधिकारी भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत स्थिति को संभाला और पूरी बरात को सुरक्षा घेरे में लेकर दुल्हन के घर तक पहुंचाया। पुलिस की मौजूदगी में ही शादी की सभी रस्में शांतिपूर्वक संपन्न कराई गईं। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है ताकि दोबारा विवाद न हो। सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह विवाद मोबाइल के जरिए डीजे पर बजाए गए एक उत्तेजक गाने के कारण शुरू हुआ था। उन्होंने बताया कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस उन अराजक तत्वों को चिह्नित कर रही है जिन्होंने शांति भंग करने की कोशिश की। माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
