करनाल में कांग्रेस नेता एवं पूर्व सांसद बीरेंद्र सिंह ने कहा कि देश और प्रदेश में भाईचारे और सद्भावना का माहौल बनाए रखना समय की जरूरत है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी की पदयात्रा से प्रेरित होकर हरियाणा के 90 विधानसभा क्षेत्रों में सद्भावना यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, भाजपा सरकार समाज को बांटने का काम कर रही है। अब तक 57 विधानसभा क्षेत्रों को कवर किया जा चुका है और 5 मई तक सभी क्षेत्रों में पहुंचने का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने यात्रा के दौरान नफरत की जगह प्यार का संदेश दिया। उसी भावना को आगे बढ़ाते हुए बृजेंद्र सिंह ने उनसे कहा था कि हरियाणा के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में सद्भावना यात्रा निकाली जाएगी। ग्रामीण भाईचारा है मजबूती की पहचान करनाल में मीडिया से बात करते हुए पूर्व सांसद बीरेंद्र सिंह ने बताया कि अब तक 57 विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा हो चुकी है। 6 मार्च को कैथल से सद्भावना यात्रा का पांचवां चरण शुरू होगा। प्रत्येक चरण में 15 विधानसभा क्षेत्रों को शामिल किया जाता है। उन्होंने जानकारी दी कि करनाल जिले के नीलोखेड़ी, असंध और इंद्री को पांचवें चरण में शामिल किया गया है। जबकि करनाल शहर का नंबर 3 अप्रैल से शुरू होने वाले चरण में आएगा। इसके बाद घरौंडा विधानसभा क्षेत्र को भी कवर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि छठां और अंतिम चरण 5 मई तक पूरा होगा। सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचकर कांग्रेस का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा। धर्म की राजनीति करने वालों पर हमला बीरेंद्र सिंह ने धर्म के नाम पर राजनीति करने वालों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि यह किसी पंडित या ज्योतिषी की भविष्यवाणी नहीं है, बल्कि राजनीति में लंबा अनुभव रखने वाले व्यक्ति की बात है। हो सकता है वोट पड़ने से पहले ही कुछ लोग मैदान छोड़कर भाग जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पैसे वाले लोग धर्म की राजनीति करके वोट लेने की कोशिश कर रहे हैं। अब उनकी परतें खुल रही हैं। लोगों के सामने सच्चाई आ रही है और वे अवसर का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। लोगों के सामने अब यह सवाल खड़ा है कि जिस तरह की परिस्थितियां बन रही हैं, उससे लोकतंत्र सुरक्षित रहेगा या नहीं। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर चिंता अमेरिका और भारत के बीच हुए व्यापार समझौते के सवाल पर बीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह किसानों पर सबसे बड़ा हमला है। इसके साथ ही देश की छोटी उद्योग इकाइयों और वस्त्र उद्योग पर भी असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि एक कमेटी बनाई गई है जो यह निगरानी रखेगी कि भारत रूस से तेल तो नहीं ले रहा। यह देश की स्वतंत्रता के लिए खतरे की बात है। उन्होंने कहा कि ये सभी बातें अब लोगों के सामने आ रही हैं। केजरीवाल और सिसोदिया पर भी बोले अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया के बरी होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि जब किसी को सजा होती है तो कहा जाता है कि न्यायपालिका पर विश्वास है और आगे अपील करेंगे। लेकिन जब अदालत साफ कह दे कि केस में कुछ नहीं है, तब भी लोगों को छह महीने या एक साल जेल में रखा जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चाहती है कि मतदाता खुद को मजबूर महसूस करे और उनके सामने झुके। लेकिन हरियाणा का मतदाता अपनी लड़ाई लड़ना जानता है और समय आने पर जवाब देता है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दम पर मजबूत होगी बीरेंद्र सिंह ने कहा कि उनका उद्देश्य कांग्रेस को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि कोई भी पार्टी नेताओं से नहीं बल्कि कार्यकर्ताओं के समर्पण से मजबूत होती है। हम लोगों के बीच जाकर उन्हें जागरूक करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार समाज को बांटने की कोशिश कर रही है और लोगों को इस बारे में सचेत करना जरूरी है। राज्यसभा की दो सीटें खाली होने और खुद के राज्यसभा जाने की संभावना के सवाल पर बीरेंद्र सिंह ने स्पष्ट कहा कि वह छह साल पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि हरियाणा की राजनीति में कोई चुनाव नहीं लड़ेंगे।
Source link
