मुख्य बातें

MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें: अंगारों पर चले श्रद्धालु, तालाब में उतरे CEO; मंदिर से चोरी हो गई नायब तहसीलदार की चप्पल – Madhya Pradesh News

MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें:  अंगारों पर चले श्रद्धालु, तालाब में उतरे CEO; मंदिर से चोरी हो गई नायब तहसीलदार की चप्पल – Madhya Pradesh News


MP दिनभर में आज की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।

.

दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, एमपी में आज, क्या रहा खास…

1. UAE में फंसे पूर्व MLA समेत इंदौर के यात्री भारत लौटे, जबलपुर के 4 व्यापारी परिवार समेत फंसे

इजराइल-ईरान जंग के कारण यूएई में फंसे इंदौर के पूर्व MLA संजय शुक्ला समेत कई यात्री सुरक्षित वापस लौट आए हैं। इनकी वापसी तब सुनिश्चित हो पाई, जब 2 मार्च की शाम से दुबई एयरपोर्ट और अबूधाबी से दिल्ली और मुंबई के लिए फ्लाइट्स चालू हुईं। शुक्ला समेत सभी यात्री मुंबई पहुंच गए हैं, वहां से दूसरी फ्लाइट लेकर इंदौर आएंगे। वहीं, जबलपुर के 4 व्यापारी भी परिवार समेत दुबई में फंसे हैं। शैलेश जैन, प्रशांत विश्वकर्मा, संजय सिंघई और प्रवीण जैन 21 फरवरी को परिवार के साथ दुबई गए थे। सभी को 28 फरवरी को लौटना था। इसी दौरान क्षेत्र में तनाव बढ़ने से कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि कुछ को अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया। इससे वे वहीं रुकने को मजबूर हो गए हैं। पढ़ें पूरी खबर…

2. फाग गाने निकले युवक का शव मिला, शरीर पर चोटों के निशान; पिता बोले- पुरानी रंजिश में हत्या की

रीवा के छतैनी गांव में फाग गाने निकले प्रिंस सिंह उर्फ छोटू की अज्ञात बदमाशों ने हत्या कर दी। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। पिता ने कहा कि बेटा सोमवार रात फाग कार्यक्रम में जाने का कहकर निकला था। मंगलवार सुबह उसकी लाश मिली। उनका आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते प्रवीण आदिवासी ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रिंस की हत्या की है। पुलिस ने FIR दर्ज करते हुए छह संदेहियों को हिरासत में लिया है। सभी छतैनी गांव के ही रहने वाले हैं। बाकी आरोपियों को जल्द पकड़ने का दावा किया गया है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पढ़ें पूरी खबर…

3. अंगारों पर चले श्रद्धालु, हाथ में नारियल लेकर गल बाबा की परिक्रमा की

धार जिले की सरदारपुर तहसील के सगवाल में होली पर गल चूल मेले का आयोजन किया गया। इसमें आसपास के इलाकों से हजारों लोग पहुंचे। जिन लोगों की मन्नतें पूरी हुईं, वे धधकते अंगारों पर चले। पुरुष श्रद्धालुओं ने पारंपरिक लाल-सफेद कपड़े पहन, चेहरे पर हल्दी लगाकर और हाथ में नारियल लेकर गल बाबा की परिक्रमा की। सगवाल गांव में गल देवता यानी खंडेराव बाबा की लगभग 41 फीट ऊंची खंभाकार प्रतिमा इस मेले में श्रद्धालुओं की आस्था का सबसे बड़ा केंद्र रही। इलाके में मान्यता है कि गल बाबा के दरबार में सच्चे मन से जो भी मुराद मांगी जाती है, वह अवश्य पूरी होती है। इसी के चलते पीढ़ियों से लोग यहां हर साल खिंचे चले आते हैं। पढ़ें पूरी खबर…

4. चंद्र ग्रहण शुरू, शाम 6.47 बजे तक रहेगा; मंदिरों के कपाट बंद, शाम 7 बजे खोले जाएंगे

साल 2026 का पहला चंद्र ग्रहण मंगलवार दोपहर 3.21 बजे शुरू हो गया। यह शाम 6.47 बजे तक रहेगा। इसके पहले ग्रहण का ‘सूतक काल’ सुबह शुरू हो गया है। देशभर के मंदिरों के पट मंगलवार सुबह मंगल आरती के बाद बंद कर दिए गए थे। पूर्णग्रहण की कुल अवधि 58 मिनट रहेगी, लेकिन भारत में चंद्रोदय के समय तक इसका ज्यादातर हिस्सा बीत चुका होगा। प्रदेश में पूर्वी जिलों में ग्रहण लगभग 40 से 45 मिनट तक दिख सकता है, जबकि पश्चिमी जिलों में यह अवधि घटकर करीब 10 मिनट के आसपास रह जाएगी। विज्ञान प्रसारिका सारिका घारू के अनुसार, चंद्रग्रहण को नंगी आंखों से सुरक्षित रूप से देखा जा सकता है। इसके लिए किसी खास चश्मे की जरूरत नहीं होती। पढ़ें पूरी खबर…

5. इस बार अप्रैल-मई में लू चलेगी; मार्च में भोपाल, इंदौर-ग्वालियर में बारिश के आसार

मध्य प्रदेश में इस बार अप्रैल और मई में हीट वेव यानी लू चलेगी। मार्च के शुरुआती दिनों में पारा बढ़ा हुआ जरूर रहेगा लेकिन लू चलने का अलर्ट नहीं है। दूसरी ओर, वेस्टर्न डिस्टरबेंस और चक्रवात की वजह से भोपाल, इंदौर, ग्वालियर-चंबल हिस्से में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, मार्च में ही कई शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री या इससे अधिक पहुंच सकता है। मार्च में बारिश के भी आसार हैं। सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि मार्च में गर्मी नॉर्मल रहेगी। भोपाल, इंदौर और उज्जैन संभाग में गर्मी का असर रहेगा। नीमच, मंदसौर, विदिशा, सागर, सीधी, सिंगरौली में पारा बढ़ा हुआ रहेगा। पढ़ें पूरी खबर…

6. बच्चा चोर समझकर नाबालिग को पीटा, पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया; दूसरे दिन सड़क पर लाश मिली

मंडला में 26 फरवरी को बच्चा चोर समझकर भीड़ ने नाबालिग को बेरहमी से पीट डाला। इसका वीडियो भी सामने आया है। जिसमें दिख रहा है कि कई लोग बालक को घेरकर मारपीट कर रहे हैं। एक व्यक्ति डंडे से उसे मारता नजर आता है, जबकि दूसरा उसके बाल पकड़कर जमीन पर पटक देता है। मौके पर कई लोग खड़े होकर उससे उसका नाम पूछते दिखाई देते हैं। वीडियो में बालक के रोने और चीखने की आवाज भी साफ सुनी जा सकती है। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। इसका अगले दिन सुबह 10.30 बजे रोड पर उसका शव मिला। एसपी रजत सकलेचा का कहना है कि बच्चा रात में अस्पताल से भाग गया था। आशंका है कि भागते समय उसे किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर…

7. ट्रेन से टकराई तेज रफ्तार कार, तीन दोस्तों की मौत; गाड़ी के गेट तोड़कर निकाले शव

बैतूल में तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी क्रेन से टकरा गई। कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। कार में पांच दोस्त सवार थे, जो एक ढाबे से खाना खाकर लौट रहे थे। इसी दौरान ये हादसा हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोग और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कार में फंसे युवकों को निकालने के लिए दरवाजे और शीशे तोड़े गए। मृतकों की पहचान गर्ग कॉलोनी निवासी ऋतिक सोलंकी (30), रामनगर निवासी वरुण (विनय) प्रजापति (21) और रामनगर निवासी अभय ठाकुर (22) के रूप में हुई है। घायलों में गंज निवासी देवा पांडे (32) और रामनगर निवासी आकाश पाल (30) शामिल हैं। पढ़ें पूरी खबर…

पॉजिटिव खबर

8. पानी में उतरकर सीईओ ने खत्म कराया जल सत्याग्रह, राशन नहीं मिलने पर ग्रामीणों कर रहे थे प्रदर्शन

सतना की उचेहरा तहसील में राशन न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने होली के अवसर पर जल सत्याग्रह किया। उनका आरोप है कि दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 तक का खाद्यान्न नहीं मिला है। आंदोलन की सूचना मिलते ही जिला पंचायत सीईओ शैलेंद्र सिंह, एसडीएम सुमेश द्विवेदी और महिला बाल विकास के परियोजना अधिकारी रविकांत शर्मा सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण कोटेदार पर कार्रवाई और तत्काल राशन वितरण की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को शांत करने के लिए जिला पंचायत सीईओ शैलेंद्र सिंह गहरे पानी में उतरे। उन्होंने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जल सत्याग्रह समाप्त हुआ। पढे़ं पूरी खबर…

खबर जरा हटके

9. मंदिर से चोरी हो गई नायब तहसीलदार की चप्पल, एसपी से की शिकायत; CCTV में पुजारी ले जाते दिखा

आगर-मालवा जिले के मां बगलामुखी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे नायब तहसीलदार अरुण चंद्रवंशी की 500 रुपए की चप्पल गायब हो गई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार सिंह और थाना प्रभारी नागेश यादव को लिखित शिकायत भेजकर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। यह पत्र सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उधर, मंदिर प्रबंधन से संपर्क कर CCTV फुटेज जांचे गए। वीडियो में एक युवक चप्पल ले जाते हुए दिखाई दिया। मंदिर मैनेजर विनोद गवली और कर्मचारी नितेश देवड़ा ने फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान पवन के रूप में की। आरोपी पवन ने चप्पल ले जाने की बात स्वीकार की। बताया गया है कि वह मंदिर में रजिस्टर्ड पुजारी नहीं है, फिर भी हवन और अन्य गतिविधियों में सक्रिय रहता है। पढ़ें पूरी खबर…

कल का बिग इवेंट

10. देश के साथ प्रदेश में भी मनाया जाएगा होली का त्योहार, सीएम हाउस में मिलन समारोह

मध्य प्रदेश में बुधवार को रंगों का त्योहार होली मनाया जाएगा। इस मौके पर भोपाल के मुख्यमंत्री भवन में होली मिलन समारोह का आयोजन होगा। जिसमें सीएम डॉ. मोहन यादव, मंत्री और विधायक एक साथ होली खेलेंगे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *