मोहाली की जीरकपुर पुलिस ने प्लॉट बेचने के नाम पर 90 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई मोहाली एसएसपी को मिली शिकायत और जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है। जीरकपुर के हेजलवुड सोसाइटी निवासी राकेश नंदा ने पुलिस में शिकायत दी है। नंदा ने पुलिस को बताया कि वे फ्लैट बनाने के लिए जमीन की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात प्रॉपर्टी डीलर विनय गर्ग से हुई, जिसने उन्हें अनिल कुमार से मिलवाया। अनिल कुमार ने उन्हें नाभा, जीरकपुर स्थित दशमेश नगर में प्लॉट नंबर 46 और 47 दिखाए। इन प्लॉटों का मालिकाना हक संजना शर्मा और रमन कुमार के नाम बताया गया था। शिकायतकर्ता के अनुसार, दोनों प्लॉटों का सौदा लगभग 90 लाख रुपये में तय हुआ। उन्होंने संजना शर्मा के खाते में 15 लाख, रमन कुमार के खाते में 10 लाख और अनिल कुमार के खाते में 30 लाख रुपये अलग-अलग तारीखों पर ट्रांसफर किए। इसके अतिरिक्त, लगभग 35 लाख रुपये नकद भी दिए गए। पैसे लिए पर रजिस्ट्री नहीं करवाई आरोप है कि आरोपियों ने रजिस्ट्री में देरी का बहाना बनाकर उन्हें लगातार टालते रहे। उन्होंने राकेश नंदा को पावर ऑफ अटॉर्नी देकर जमीन पर निर्माण कार्य शुरू करने के लिए कहा। पीड़ित ने इस जमीन पर करीब 1.5 करोड़ रुपये खर्च कर निर्माण भी करवा लिया। आरोपियों ने प्लॉट की रजिस्ट्री नहीं करवाई। पैसे वापस करने का आश्वासन दिया लेकिन किया नहीं बाद में आपसी समझौते के तहत कुछ रकम लौटाने और रजिस्ट्री करवाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन ये वादे पूरे नहीं किए गए। पुलिस जांच में पाया गया कि आरोपियों ने प्लॉट बेचने के नाम पर शिकायतकर्ता से बड़ी रकम ली, लेकिन रजिस्ट्री नहीं करवाई। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने संजना शर्मा और रमन कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
Source link
