सिरोही जिले के स्वरूपगंज में गुरुवार रात 2 ट्रॉलों में आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण हादसे के बाद दोनों ट्रॉलों में आग लग गई, जिसमें 1 युवक जिंदा जल गया। वहीं, दूसरा युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। यह हादसा उदयपुर-पालनपुर फोरलेन स्थित स्वरूपगंज डाक बंगले के सामने हुआ। पिंडवाड़ा की तरफ से आ रहा एक ट्रॉला डिवाइडर पार कर गलत साइड में पहुंच गया और आबूरोड की तरफ से आ रहे दूसरे ट्रॉला से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के कैबिन में तुरंत आग लग गई। कैबिन में फंसकर जिंदा जल गया ड्राइवर
हादसे में एक ट्रॉले का ड्राइवर कैबिन में फंसकर जिंदा जल गया, जबकि दूसरे का ड्राइवर गंभीर घायल हो गया।
लोगों ने दूसरे ट्रॉले के ड्राइवर को कैबिन तोड़कर बाहर निकाला। घायल ड्राइवर बाबूलाल (25) पुत्र बरदूजी बैरवा निवासी शाहपुरा (भीलवाड़ा) को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे सिरोही रेफर कर दिया गया। एक ट्रॉले के गलत साइड में आने से हुआ हादसा
घटना की सूचना मिलते ही स्वरूपगंज थाना अधिकारी ओमप्रकाश दल सहित मौके पर पहुंचे। अग्निशमन वाहनों को भी बुलाया गया, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक एक युवक जलकर खाक हो चुका था। पुलिस ने बुरी तरह झुलसे हुए शव को स्वरूपगंज सरकारी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। ट्रॉला के नंबरों के आधार पर उसके मालिक को सूचना दी गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रॉला गलत साइड में आने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस इस मामले में गहनता से जांच कर रही है और पीड़ितों के परिजनों की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।
Source link
