रीवा जिले के बिछिया थाना क्षेत्र में जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। परिवार के ही लोगों द्वारा की गई मारपीट में एक युवक के सीने में गंभीर चोट लग गई। परिजनों का दावा है कि चोट लगने के तुरंत बाद युवक की आवाज ही बंद हो गई। फिलहाल युवक को इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार बिछिया थाना क्षेत्र के नारायण चक्की के पास रहने वाले गेंद लाल बंसल का परिवार के ही कुछ लोगों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के दौरान कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान युवक पर हमला कर दिया गया, जिससे उसके सीने में गंभीर चोट लग गई। परिजनों ने बताया कि मारपीट के बाद अचानक युवक के मुंह से आवाज निकलना बंद हो गई। यह देखकर परिवार के लोग घबरा गए और तत्काल उसे इलाज के लिए संजय गांधी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया। अस्पताल की चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉ. इशिता अग्रवाल ने बताया कि कैजुअल्टी में मारपीट से घायल एक मरीज को लाया गया है। उसके सीने में चोट है और परिजनों के अनुसार चोट लगने के बाद उसकी आवाज बंद हो गई है। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है और आवश्यक जांच कराई जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि जब तक पूरी मेडिकल रिपोर्ट सामने नहीं आती, तब तक यह स्पष्ट नहीं कहा जा सकता कि युवक की आवाज बंद होने की असली वजह क्या है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। इधर घटना के बाद इलाके में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जमीनी विवाद के चलते हुई इस मारपीट ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। वहीं पुलिस भी मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है और पूरे घटनाक्रम की जांच की बात कही जा रही है।
Source link
