स्वयं को आरटीओ अधिकारी बता बुलेट सवार युवक ने किसान से 20 हजार रुपये नगदी लूट ली। किसान अपनी बेटी का अंबिकापुर के एक हॉस्पिटल में इलाज कराने के लिए अंबिकापुर आया था। किसान ने स्वयं लूटेरे का पता लगाया और थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, बलरामपुर जिले के राजपुर ब्लॉक अंतर्गत ग्राम मरकाडांड निवासी संदीप लकड़ा अपनी बेटी का अंबिकापुर के मासूम अस्पताल में इलाज कराने आया था। उसकी बेटी एक पखवाड़े से हॉस्पिटल में भर्ती थी। 11 मार्च की शाम को करीब 6 बजे वह अपने ससुर के साथ बाइक में सवार होकर हॉस्पिटल से गांधी चौक की ओर किसी काम से जा रहा था। नमनाकला रिंगरोड में राज पोल्ट्री फार्म के पास बुलेट में सवार एक युवक ने उसे रोका और गाली-गलौज करते हुए धमकी देकर धक्का-मुक्की करने लगा। युवक ने अपना नाम सहजोर अली बताते हुए स्वयं को आरटीओ का अधिकारी बताया। किसान से लूटे 20 हजार रुपये
युवक ने किसान के पास रखे हुए 20 हजार रुपये लूट लिया और उसके पर्स को फेंक दिया। युवक अपनी बुलेट बाइक में सवार होकर धमकी देकर चला गया। संदीप लकड़ा ने परिचितों को घटना की जानकारी दी और आरटीओ आफिस में जाकर पता किया तो उसके नाम का कोई अधिकारी नहीं मिला। किसान ने स्वयं युवक के बारे में पता किया तो युवक की शिनाख्त ईरानी मोहल्ला निवासी सहजोर अली के रूप में हुई। इसकी शिकायत संदीप लकड़ा ने गांधीनगर थाने में दर्ज कराई। आरोपी गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने धारा 126(2), 309(4),204 बीएनएस का अपराध दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी शहजोर अली (24 वर्ष) निवासी सतीपारा को गिरफ्तार कर लिया है। युवक के पास से एक हजार रुपये नगद बरामद किया गया है। आरोपी पूर्व में संजय पार्क के सामने से एक अन्य व्यक्ति से 1130 रुपये की लूटपाट में शामिल था। मामले में थाना कोतवाली में धारा 309(3) बी.एन.एस का अपराध पंजीबद्ध किया गया था। गांधीनगर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार द्विवेदी ने बताया कि आरोपी को दोनों अपराधों में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
Source link
