यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने पूर्व घोषित विशेष ट्रेनों के संचालन में संशोधन कर दिया है। नई व्यवस्था के तहत कई ट्रेनों के फेरे बढ़ाए गए हैं, जबकि कुछ ट्रेनों की संचालन अवधि भी आगे बढ़ाई गई है। इससे खासकर उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। रेलवे के अनुसार पुणे–गोरखपुर (01415/01416) स्पेशल ट्रेन का संचालन अप्रैल माह में लगातार जारी रहेगा। यह ट्रेन 1 से 14 अप्रैल तक 14 फेरे और 15 से 30 अप्रैल तक 16 अतिरिक्त फेरे लगाएगी। ट्रेन कानपुर सेंट्रल, लखनऊ और गोंडा जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इसी तरह पुणे–दानापुर (01449/01450) स्पेशल ट्रेन को भी विस्तार दिया गया है। यह ट्रेन 1 से 14 अप्रैल तक चलेगी, जबकि 15 अप्रैल से 15 जुलाई तक ग्रीष्मकालीन विशेष के रूप में कुल 92 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन प्रयागराज और पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन होते हुए दानापुर पहुंचेगी। मुंबई CSMT–गोरखपुर (01079/01080) स्पेशल ट्रेन अप्रैल में कुल 30 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल और लखनऊ समेत कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी। वहीं लोकमान्य तिलक टर्मिनस–दानापुर (01143/01144) स्पेशल ट्रेन का संचालन भी बढ़ाया गया है। अप्रैल में 14 फेरे के बाद इसे 15 अप्रैल से 15 जुलाई तक 92 फेरों के लिए चलाया जाएगा। इसके अलावा लोकमान्य तिलक–समस्तीपुर (01043/01044) साप्ताहिक ट्रेन 21 अप्रैल से 14 जुलाई तक कुल 13 फेरे लगाएगी। वहीं लोकमान्य तिलक–बनारस (01073/01074) ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी और अप्रैल में कुल 10 फेरे लगाएगी। पुणे–गाजीपुर सिटी (01431/01432) स्पेशल ट्रेन भी सप्ताह में दो दिन चलाई जाएगी, जो वाराणसी और जौनपुर के रास्ते गाजीपुर सिटी तक जाएगी। इसके साथ ही रेलवे ने एमजीआर चेन्नई सेंट्रल–हजरत निजामुद्दीन (06019/06020) स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि भी बढ़ा दी है। अब यह ट्रेन क्रमशः 30 मार्च और 2 अप्रैल 2026 तक चलाई जाएगी। रेल प्रशासन के मुताबिक सभी ट्रेनों में 18 से 22 कोच लगाए गए हैं, जिनमें एसी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के डिब्बे शामिल हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन का समय और स्टेटस जरूर चेक कर लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके।
Source link
