सिवनी जिले में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला जारी है। बुधवार, 19 मार्च को बंडोल थाना क्षेत्र के चंदोरी रोड पर एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से टकरा गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना दोपहर करीब 12:30 बजे हुई। घायल युवक बांकी ग्राम की तरफ से बंडोल की ओर जा रहा था, तभी मोड़ पर उसकी बाइक फिसल गई और वह सड़क पर गिर पड़ा। बाइक के खंभे से टकराने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस ने घटनास्थल पर पहुंचकर घायल को प्राथमिक उपचार दिया और उसे स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस स्थान पर यह दुर्घटना हुई, वहां वाहनों और लोगों का आवागमन काफी अधिक रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर फिसलन या असंतुलन के कारण बाइक अनियंत्रित हुई प्रतीत होती है। गनीमत रही कि घटना के समय आसपास अन्य वाहन या अधिक लोग मौजूद नहीं थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही बंडोल थाना पुलिस सक्रिय हो गई। थाना प्रभारी मनोज जंघेला ने बताया कि उन्हें बाइक हादसे में एक युवक के घायल होने की जानकारी मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह हादसा बाइक के अनियंत्रित होकर फिसलने के कारण होना बताया जा रहा है। घायल के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस द्वारा घटना के वास्तविक कारणों की पड़ताल की जा रही है। साथ ही, पुलिस ने वाहन चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है, खासकर ऐसे मार्गों पर जहां आवागमन अधिक रहता है। प्रशासन ने लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सतर्कता बरतने की सलाह भी दी है।
Source link
