पानीपत जिले में समालखा खंड के गांव मनाना में बीती रात अज्ञात चोरों ने मनाना-समालखा रोड पर स्थित तीन ट्यूबवेलों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने चोरी के बाद ट्यूबवेलों में आग लगा दी, जिससे हजारों रुपए का अनाज और अन्य सामान जलकर राख हो गया। इन ट्यूबवेलों में रखा 15 कट्टे डीएपी खाद, 15 कट्टे यूरिया, सब्जियों की दवाइयां, बिजली का सामान, स्टार्टर, प्याज के 10 कट्टे, गेहूं की 6 बोरियां, खेती के औजार और तार सहित अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई। इससे किसानों को हजारों रुपए का नुकसान हुआ है। किसानों को सुबह पता चला पीड़ित अमित और सुभाष ने बताया कि सुबह जब वे अपने खेतों में गए, तब उन्हें चोरी और आगजनी की घटना का पता चला। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ितों ने समालखा थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ितों ने यह भी बताया कि उनके ट्यूबवेलों से पहले भी कई बार सामान चोरी हो चुका है। इस बार सुभाष के ट्यूबवेल से स्टार्टर और उसकी डोरी काटकर चोरी कर ली गई। एक किसान ने बताया कि गैस एजेंसी के सामने स्थित एक डॉक्टर के फार्महाउस से भी पाइप, कस्सी और अन्य उपकरण चोरी कर लिए गए हैं। समालखा थाना पुलिस ने शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
Source link
