झाबुआ में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में सुस्ती पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को हुई समीक्षा बैठक में उन्होंने खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों पर नाराजगी व्यक्त की और स्पष्ट किया कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निराकरण नहीं हुआ, तो वे स्वयं शिकायतकर्ताओं से बात कर उनकी समस्याओं को समझेंगे। बैठक में जनजातीय कार्य विभाग, शिक्षा विभाग और जिला शिक्षा केंद्र के कामकाज की विशेष समीक्षा की गई। इन विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को ‘डी’ श्रेणी मिलने पर कलेक्टर ने फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायतों को केवल आंकड़ों के रूप में न देखें, बल्कि अधिकारी संवेदनशीलता के साथ शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित समाधान करें। कलेक्टर ने अनुकंपा नियुक्ति और छात्रवृत्ति से संबंधित लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन संवेदनशील मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। बैठक में अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, सहायक कलेक्टर आयुषी बंसल और शिक्षा तथा जनजातीय विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
Source link
