![]()
अलवर में बुधवार दोपहर बाद ही अचानक मौसम का मिजाज बदल गया था। दोपहर के बाद ही जिले में घने बादल छा गए और शाम करीब 6 बजे तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई थी। आंधी-बारिश के चलते पूरे जिले में मौसम ठंडा हो गया और रात के समय लोगों को हल्की ठंड का एहसास हुआ। जिससे तापमान में करीब 3 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार, 19 मार्च को अधिकतम तापमान करीब 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 20 डिग्री रहने का अनुमान है, जबकि एक दिन पहले अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री दर्ज किया गया था। मौसम में आए इस बदलाव के कारण दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। आंधी और बारिश का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। तेज हवाओं के कारण कई जगह गेहूं की फसल खेतों में नीचे लेट गई है, जिससे किसानों को नुकसान होने की आशंका है। फसल कटाई से पहले हुए इस बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। गुरुवार सुबह भी अलवर में मौसम बदला हुआ बना रहा। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और सूरज के दर्शन नहीं हुए। मौसम विभाग ने शाम या रात के समय फिर से गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या आंधी की संभावना जताई है। आने वाले दिनों में भी मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। 20 मार्च को तापमान 18 से 26 डिग्री के बीच रहने के साथ बारिश और आंधी की संभावना है। वहीं 21 से 24 मार्च तक आंशिक बादल छाए रहेंगे और तापमान 15 से 31 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। मौसम में इस अचानक बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों के लिए यह चिंता का कारण बन गया है।
Source link
