राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने स्कूटी पर गांजा परिवहन कर रहे दो अंतरराज्यीय तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर रायपुर के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करने की फिराक में थे। यह मामला खमतराई इलाके का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि विजय नगर भनपुरी की ओर से एक सफेद-नीले रंग की टीवीएस जुपिटर (CG 04 PV 1604) पर दो संदिग्ध व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर आ रहे हैं। डीसीपी (नॉर्थ) मयंक गुर्जर के निर्देश पर पुलिस टीम ने अरोरा धर्मकांटा के पास चेकपोस्ट लगाया। जैसे ही संदिग्ध स्कूटी वहां पहुंची, पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रोक लिया। स्कूटी की डिग्गी और थैले में भरा था गांजा पकड़े गए आरोपियों की पहचान शिव कुमार ढीमर (तेलीबांधा) और शुभम घोष (राजा तालाब) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास मौजूद ऑरेंज-सफेद थैले से 2.5 किलो और स्कूटी की डिग्गी से करीब 2 किलो गांजा बरामद हुआ। खमतराई पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज करके उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि रायपुर में वे यह माल किसे सप्लाई करने वाले थे और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
Source link
