संगरूर जिले के धूरी में राइस मिलर्स एसोसिएशन ने भारतीय खाद्य निगम (FCI) कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। मिलर्स ने स्पेशल वाहन न मिलने और एफसीआई पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए जोरदार नारेबाजी की।एसोसिएशन के नेता विजय सिंगला ने बताया कि धूरी में स्पेशल वाहनों की संख्या नाममात्र है, जिससे राइस मिलर्स को भारी परेशानी हो रही है। विजय सिंगला ने कहा कि 31 मार्च तक शेलर से सारा माल खाली हो जाना चाहिए, लेकिन अभी भी काफी माल पड़ा हुआ है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह सारा काम एफसीआई के अधीन है और माल उठाने की जिम्मेदारी भी एफसीआई एजेंसी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि एफसीआई की लापरवाही का खामियाजा राइस मिलर्स को भुगतना पड़ रहा है। सभी जिलों में मिले गाड़ियां विजय सिंगला ने यह भी आरोप लगाया कि राइस मिलर्स को गाड़ियां कम या ज्यादा देने के मामले में भ्रष्टाचार की आशंका है। एसोसिएशन ने मांग की कि राइस मिलर्स को बिना किसी भेदभाव के सभी जिलों में बराबर गाड़ियां दी जाएं। सिंगला ने बताया कि जहां ज्यादा ऑफर किया जाता है, वहां ज्यादा गाड़ियां दी जाती हैं। उन्होंने कहा कि संगरूर जिले में धूरी एक महत्वपूर्ण जंक्शन है, इसलिए यहां के राइस मिलर्स को भी अधिक गाड़ियां मिलनी चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। विरोध प्रदर्शन के दौरान, एफसीआई के डीएम के पीए सुरजीत सिंह ने राइस मिलर्स को आश्वासन दिया कि उनकी समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा और उन्हें उनका उचित हिस्सा दिया जाएगा। इस मौके पर सुरेश जिंदल, बलविंदर कुमार, हनी सिंह, विजय बंसल, नितिन बंसल, बेअंत सिंह, सिमर कुमार शम्मी, राजेश कुमार सनी सहित कई अन्य सदस्य मौजूद थे।
Source link
