डूंगरपुर में मुख्यमंत्री विकसित शहरी वार्ड अभियान के तहत शहर के विकास में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए वार्ड सभाओं का आयोजन किया जा रहा है। 20 मार्च से शुरू हुए इस अभियान में लोगों के सुझाव लगातार बढ़ रहे हैं, जो 17 अप्रैल तक चलेगा। नगर परिषद आयुक्त प्रकाश डूडी ने बताया कि शहर के 40 वार्डों में प्रतिदिन वार्ड सभाएं आयोजित की जा रही हैं। इन सभाओं में प्रत्येक वार्ड के निवासी अपने क्षेत्र के विकास और आगामी कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत कर रहे हैं। इन वार्ड सभाओं में कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए हैं। इनमें नगर परिषद की भूमि पर पार्क बनाने, राजपुर मुख्य मार्ग स्थित आश्रय स्थल के पास आरओ वाटर प्लांट स्थापित करने और एक अस्थायी पुलिस चौकी खोलने की मांग प्रमुख है। इसके अतिरिक्त परशुराम तिराहे से रेलवे स्टेशन दो नदी तक डिवाइडर बनाते हुए सड़क चौड़ीकरण, नई पेयजल टंकी का निर्माण, गांगड़ी नदी पर रिवर फ्रंट विकसित करने और सीवरेज कार्य को शीघ्र पूरा करने की मांग भी रखी गई। दो नदी पुल से सुरपुर बाईपास मार्ग तक 40 फीट चौड़ी सड़क बनाने, क्षेत्र में सीनियर स्कूल के लिए जमीन आरक्षित करने और मास्टर प्लान में राजपुर के भू-उपयोग से विशेष क्षेत्र हटवाने जैसे सुझाव भी मिले हैं। अब तक वार्ड नंबर 1 से 4 तक की सभाएं हो चुकी हैं, जिनमें नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी और वार्डवासी उपस्थित रहे।
Source link
