निवाड़ी में रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और बिजली संकट के खिलाफ युवा कांग्रेस ने गुरुवार को शहर के मुख्य बाजार से गांधी चबूतरे तक विरोध रैली निकाली। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं, जिन्होंने बढ़ती महंगाई को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। 1600 का सिलेंडर दे रही सरकार प्रदर्शन में शामिल एक महिला ने बताया कि सरकार लाड़ली बहना योजना के नाम पर 1500 रुपए तो दे रही है, लेकिन सिलेंडर के नाम पर 1600 रुपए वसूले जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महंगाई के कारण मजदूरों के लिए बच्चों को पढ़ाना और घर खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। गैस किल्लत और ईंधन संकट पर प्रशासन निष्क्रिय युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष रोहित ऋषि यादव ने कहा कि गैस सिलेंडर की भारी किल्लत और पेट्रोल-डीजल की अनियमित आपूर्ति ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन इन समस्याओं को लेकर पूरी तरह निष्क्रिय बना हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुचारु नहीं हुई और कीमतें कम नहीं की गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। केंद्र और राज्य सरकार पर साधा निशाना रैली के समापन पर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रधानमंत्री मोदी के पुराने बयानों को लेकर निशाना साधा। वक्ताओं ने कहा कि किसानों को खाद-बीज और उपभोक्ताओं को गैस के लिए लंबी लाइनों में खड़ा होना पड़ रहा है। कार्यकर्ताओं ने इंडो-यूएस डील और बिजली कटौती जैसे मुद्दों पर भी सरकार को ‘झूठी और बेशर्म’ करार दिया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
Source link
