फरीदाबाद के सिविल अस्पताल में मंगलवार दोपहर बड़खल विधानसभा क्षेत्र के विधायक धनेश अदलखा अचानक स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में कई खामियां सामने आईं, जिस पर विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्थाओं को जल्द सुधारने के निर्देश दिए। विधायक धनेश अदलखा सबसे पहले अस्पताल की ओपीडी में पहुंचे, जहां उन्होंने मरीजों की भीड़ और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पाया कि ओपीडी में सीनियर डॉक्टर मौजूद नहीं थे। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकारी अस्पतालों में दूर-दराज से मरीज इलाज के लिए आते हैं, ऐसे में वरिष्ठ डॉक्टरों की अनुपस्थिति गंभीर लापरवाही है। औषधि वितरण विभाग का किया निरीक्षण इसके बाद विधायक ने ओपीडी में डॉक्टरों द्वारा मरीजों को लिखी जा रही दवाइयों की उपलब्धता की जांच करने के लिए औषधि वितरण विभाग का निरीक्षण किया। यहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दवाइयां देने वाले दो काउंटर बंद पड़े हुए थे, जिसके कारण मरीजों की लंबी लाइन लगी हुई थी। इस स्थिति पर विधायक ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मरीज पहले डॉक्टर को दिखाने के लिए लंबी लाइन में लगते हैं और उसके बाद दवाइयां लेने के लिए भी औषधि केंद्र के बाहर घंटों इंतजार करना पड़ता है। यह व्यवस्था मरीजों के लिए बेहद परेशानी भरी है और इसे तुरंत सुधारा जाना चाहिए। लाइन में लगे मरीजों से विधायक ने की बात उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी काउंटर चालू रखे जाएं और दवाइयों का वितरण सुचारू रूप से किया जाए। निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल में लाइन में लगे मरीजों और उनके परिजनों से भी बातचीत की। मरीजों ने उन्हें बताया कि दवाई लेने के लिए उन्हें एक-एक घंटे तक लाइन में खड़ा रहना पड़ता है, जिसके बाद जाकर दवाइयां मिलती हैं। कई बार डॉक्टर द्वारा लिखी गई दवाइयां अस्पताल में उपलब्ध भी नहीं होतीं, जिसके कारण उन्हें बाहर से महंगी दवाइयां खरीदनी पड़ती हैं। दवाई वितरण व्यवस्था को सुधारने के निर्देश विधायक ने यह भी कहा कि बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग मरीजों के लिए अलग व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि उन्हें लंबी कतारों में खड़ा न रहना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्टाफ लगाया जाए और ऐसे मरीजों को प्राथमिकता के आधार पर दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं। धनेश अदलखा ने सिविल सर्जन को स्पष्ट रूप से कहा कि अस्पताल में दवाई वितरण व्यवस्था को जल्द से जल्द सुधारा जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि मरीजों को बेवजह घंटों लाइन में न लगना पड़े। उन्होंने कहा कि अगर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो इस मामले को उच्च स्तर पर उठाया जाएगा। अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा और डिप्टी सीएमओ डॉ. राम भगत को बुलाया गया। विधायक धनेश अदलखा ने उनके सामने ही अस्पताल की अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में जरूरी दवाइयों का पूरा स्टॉक रखा जाए ताकि मरीजों को बाहर से दवाइयां खरीदने के लिए मजबूर न होना पड़े।
Source link
