पीलीभीत में मंगलवार शाम हुए सड़क हादसे में टीचर की मौके पर ही मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद आरोपी चालक फरार हो गया। जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। गजरौला थाना क्षेत्र की जरा चौकी के पास हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंप के सामने यह हादसा हुआ। सरकारी शिक्षक वीर सिंह कुशवाहा (38) पुत्र रामपाल सिंह अपनी मोटरसाइकिल से जा रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वीर सिंह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई। अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर जरा चौकी और गजरौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। तलाशी के दौरान मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान पूरनपुर ब्लॉक में तैनात शिक्षक के रूप में हुई। वीर सिंह बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत थे और एक सेवानिवृत्त दरोगा रामपाल सिंह के पुत्र थे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस पेट्रोल पंप और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थानाध्यक्ष ब्रजवीर सिंह ने बताया- अज्ञात वाहन की पहचान के लिए टीम गठित कर दी गई है और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
Source link
