मुख्य बातें

शहडोल में चलती स्कॉर्पियो में लगी आग, VIDEO: रीवा से ब्यौहारी जा रहा था परिवार, धुआं उठता देख बाहर निकले; सारा सामान जलकर राख – Shahdol News




शहडोल जिले के देवलौंद थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के एक चलती स्कॉर्पियो वाहन में अचानक आग लग गई। वाहन में सवार एक ही परिवार के सदस्य रीवा से ब्यौहारी जा रहे थे। परिवार के सभी सदस्य समय रहते वाहन से बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, जैसे ही वाहन देवलौंद नगर पहुंचा, गाड़ी के अंदर धुआं भरने लगा। स्थिति को भांपते हुए वाहन में सवार रोहानी प्रसाद गुप्ता और उनके परिवार ने तुरंत गाड़ी सड़क किनारे रोकी और बाहर निकलने का फैसला किया। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी स्कॉर्पियो को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को वाहन में रखा सामान, मोबाइल फोन और अन्य जरूरी चीजें निकालने का मौका नहीं मिला, और वे सभी जलकर खाक हो गए। घटना के दौरान सड़क से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों ने तुरंत डायल 112 और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। आग लगने वाले वाहन का क्रमांक एमपी 18 टी 3852 बताया गया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह बताया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। गौरतलब है कि हाल ही में पाली थाना क्षेत्र के मोर्चा फाटक में भी एक चलती कार में आग लगने की घटना सामने आई थी। विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मी के मौसम में वाहनों की नियमित जांच और सावधानी बरतना बेहद जरूरी है, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *