अररिया जिले के रानीगंज मार्ग पर एक सड़क दुर्घटना में डीजे गाड़ी पलटने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। यह हादसा रजोखर के समीप एनएच-327 ई पर शनिवार सुबह करीब 4 बजे हुआ, जब बारात से लौट रही डीजे गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय अजय कुमार ऋषि देव के रूप में हुई है, जो सरवाहा वार्ड संख्या 6, रानीगंज निवासी शंभू ऋषि देव के पुत्र थे। अजय की शादी तीन साल पहले हुई थी और उनका एक छोटा बेटा भी है। डीजे गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई परिजनों के अनुसार, अजय शुक्रवार को गांव के पड़ोस में एक शादी समारोह में शामिल होने फारबिसगंज के हलहलिया लहसुनगंज गए थे। बारात से लौटते समय रजोखर के निकट उनकी डीजे गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में गाड़ी में सवार अन्य 4-5 साथियों को हल्की चोटें आईं, लेकिन अजय कुमार को गंभीर चोटें लगीं। स्थानीय लोगों और परिजनों ने तुरंत उन्हें रानीगंज रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने अजय की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अररिया सदर अस्पताल रेफर कर दिया। बेटा बारात से घर लौट रहा था सदर अस्पताल पहुंचने पर प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता शंभू ऋषि देव ने बताया कि उनका बेटा बारात से घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया। अस्पताल प्रबंधन ने घटना की सूचना ऑडी स्लिप के माध्यम से संबंधित थाने को भेज दी है। पुलिस के पहुंचने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।
Source link
