![]()
किशनगंज शहर के वीर कुंवर सिंह बस स्टैंड परिसर में जिले का पहला बेबी केयर रूम शुरू किया गया है। इसका उद्घाटन बुधवार को राहत संस्था और नगर परिषद के संयुक्त प्रयास से हुआ। यह सुविधा महिला यात्रियों को अपने शिशुओं को स्तनपान कराने के लिए सुरक्षित और निजी वातावरण प्रदान करेगी। इस नवनिर्मित बेबी केयर रूम में महिलाओं के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ वातावरण और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा गया है। यहां एक अलग और सुरक्षित कक्ष तैयार किया गया है, जहां महिलाएं बिना किसी संकोच के अपने बच्चों को दूध पिला सकेंगी। बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले स्थान पर यह सुविधा महिला यात्रियों के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। महिलाओं को अक्सर असहजता महसूस होती थी राहत संस्था की सचिव फरजाना बेगम ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर बच्चों को फीड कराने में महिलाओं को अक्सर असहजता महसूस होती थी। उचित जगह न मिलने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसी समस्या को देखते हुए महिला सुरक्षा और सम्मान को प्राथमिकता देते हुए इस बेबी केयर रूम का निर्माण कराया गया है। सार्वजनिक स्थलों पर भी ऐसी सुविधाएं विकसित करने की योजना नगर परिषद के अधिकारियों ने इस पहल की सराहना की है। उन्होंने बताया कि भविष्य में शहर के अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी ऐसी सुविधाएं विकसित करने की योजना है। उद्घाटन कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष इंद्रदेव पासवान, कार्यपालक पदाधिकारी प्रवीण कुमार, सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी और वार्ड पार्षद सुशांत गोप सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। मौजूद लोगों ने इस सुविधा का स्वागत करते हुए इसे महिला यात्रियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। स्थानीय निवासियों ने भी उम्मीद जताई कि यह व्यवस्था महिलाओं को सुरक्षित माहौल देगी और वे अपने बच्चों के साथ यात्रा के दौरान अधिक सहज महसूस करेंगी।
Source link
