हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के छोटा शिमला क्षेत्र में शनिवार सुबह एक खाने-पीने की दुकान में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। सचिवालय और पुलिस स्टेशन के बेहद करीब हुई इस घटना ने स्थानीय प्रशासन तुरंत अलर्ट मोड आ गया।
.
आग की यह घटना छोटा शिमला स्थित गुरुद्वारे के पास एक दुकान में पेश आई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग (Fire Brigade) की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। घनी आबादी और संवेदनशील इलाका होने के कारण फायर टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग की लपटों पर काबू पाया, जिससे आग को साथ लगती अन्य दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया।
शॉर्ट सर्किट बना आग का संभावित कारण
दुकान संचालक मोनू गुप्ता ने बताया कि वह सुबह दुकान खोलने के बाद किसी काम से सामान लेने बाहर गए थे। जब वह वापस लौटे तो दुकान के अंदर से धुंआ और आग की लपटें उठ रही थीं। मोनू गुप्ता के अनुसार, उन्होंने दुकान से निकलते समय गैस सिलेंडर और चूल्हा पूरी तरह बंद कर दिया था, इसलिए उन्हें अंदेशा है कि आग बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी।
कोई जानी नुकसान नहीं, पर आर्थिक चोट गहरी
गनीमत यह रही कि जिस समय आग लगी, दुकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी भी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, दुकान में रखा सारा कीमती सामान और फर्नीचर जलकर पूरी तरह राख हो गया है। इस अग्निकांड ने संचालक के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा कर दिया है।
पीड़ित ने सरकार से लगाई मुआवजे की गुहार
दुकानदार मोनू गुप्ता को इस घटना में भारी वित्तीय नुकसान झेलना पड़ा है। उन्होंने प्रशासन और प्रदेश सरकार से अपील की है कि उनके नुकसान का आकलन कर उन्हें उचित मुआवजा प्रदान किया जाए ताकि वह अपना काम दोबारा शुरू कर सकें।
