.
आज की सबसे बड़ी खबर SI भर्ती से जुड़ी है। SI भर्ती 2021 रद्द ही रहेगी। सुप्रीम कोर्ट ने चयनित अभ्यर्थियों की SLP खारिज कर दी है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
पहले टॉप 5 खबरें 1. SI भर्ती-2021 रद्द ही रहेगी, SLP खारिज SI भर्ती-2021 रद्द ही रहेगी। सुप्रीम कोर्ट ने चयनित अभ्यर्थियों की SLP खारिज कर दी। सुप्रीम कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा- पानी के गिलास में 2-3 बूंद जहर गिरने पर उसे अलग नहीं कर सकते। पूरा गिलास ही फेंकना पड़ता है। उसी तरह से इस भर्ती में सही-गलत की छंटनी संभव नहीं है। पूरी खबर पढ़ें
2. कार-स्कूटी की टक्कर में 3 युवकों की मौत उदयपुर में कार और स्कूटी के बीच आमने-सामने की टक्कर में 3 युवकों की मौत हो गई, जबकि कार सवार 2 लोग घायल हो गए। दोनों गाड़ियां ब्रिज की रेलिंग तोड़ती हुईं करीब 40 फीट नीचे जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए। युवकों को संभलने का मौका ही नहीं मिला। पूरी खबर पढ़ें
3. बारिश-ओले गिरे, बिजली गिरने से नाबालिग की मौत राजस्थान में आंधी-बारिश का दौर जारी है। भीलवाड़ा के आसींद और आसपास के गांवों में सोमवार को बारिश के साथ ओले गिरे। तेज हवा के कारण कई जगहों पर शादी में लगे टेंट तक उड़ गए। राजसमंद के बरडाया गांव में बिजली गिरने से नाबालिग की मौत हो गई। पूरी खबर पढ़ें

4. कुत्तों ने नोच-नोचकर छात्रा को मार डाला बूंदी जिले के अलकोदिया गांव में आवारा कुत्तों ने नोच-नोचकर तीसरी क्लास की छात्रा को मार डाला। बच्ची के शरीर पर कई गहरे घाव मिले। 12 वर्षीय छात्रा घर से कुछ दूरी पर शौच के लिए गई थी। इसी दौरान आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। पूरी खबर पढ़ें
5. सेना के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग डीग जिले में पला हवाई पट्टी पर सेना के एक हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। हेलिकॉप्टर में ब्रिगेडियर मनजीत दास सिंह मथुरा से जयपुर जा रहे थे। तकनीकी खराबी आने के बाद पायलट ने हेलिकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग करवाई। हेलिकॉप्टर देखने के लिए ग्रामीण जमा हो गए। पूरी खबर पढ़ें

अब 3 अहम खबरें 6. स्कूल में छात्र से लगवाई 200 उठक-बैठक, बेहोश हुआ भीलवाड़ा शहर के एक सरकारी स्कूल में पढ़ाई नहीं करने पर महिला टीचर ने 8वीं क्लास के छात्र से 200 उठक-बैठक लगवाई। इससे बच्चे की तबीयत बिगड़ गई और उसे हॉस्पिटल में भर्ती करवाना पड़ा। नाराज परिजन स्कूल पहुंचे और हंगामा किया। पूरी खबर पढ़ें

7. भ्रष्टाचार का आरोप लगाने पर कुल्हाड़ी से काट डाला सीकर में भ्रष्टाचार की शिकायत करने पर पूर्व सरपंच के बेटे ने कुल्हाड़ी से काट कर चचेरे भाई की हत्या कर दी। हमले में मृतक की मां और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। बेटे को जयपुर रेफर किया गया है। परिवार का आरोप है कि घटना के 3 घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। पूरी खबर पढ़ें
8. पटाखों की दुकान में पेट्रोल डालकर आग लगाई उदयपुर के सबसिटी सेंटर इलाके में बदमाशों ने पेट्रोल डालकर पटाखों की दुकान में आग लगा दी। लपटें उठते ही आरोपी बाइक पर बैठकर फरार हो गए। दुकान मालिक ने पड़ोसियों की मदद से पानी छिड़क कर आग पर काबू पाया। आग दुकान में पटाखों तक नहीं पहुंची, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। पूरी खबर पढ़ें

खबर जो हटकर है 9. खाली खेत में 40 लोगों को किराएदार बताया झुंझुनूं में हैवी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए फर्जीवाड़ा करने वाला गिरोह सक्रिय है। इस गिरोह ने हरियाणा के करीब 40 लोगों को झुंझुनूं में एक खाली खेत में किराएदार दिखा दिया। इनका यहां न तो कोई व्यापार है और न ही नौकरी। पूरी खबर पढ़ें
कल क्या होगा खास 10. बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ के दौरे पर रहेंगे सीएम मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को बीकानेर की श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा के दौरे पर रहेंगे। सीएम यहां आडसर ग्राम पंचायत में ग्रामीण विकास चौपाल कार्यक्रम में शामिल होंगे।
