यमुनानगर में रेलवे स्टेशन के पास एक दर्दनाक हादसे में अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि मृतक का चेहरा पूरी तरह से कुचल गया, जबकि उसकी एक टांग कटकर करीब 10 मीटर दूर जा गिरी। शव का बायां हाथ भी कटा हुआ मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जीआरपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाकर आसपास के क्षेत्रों में शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। रात डेढ़ बजे की घटना मामले के जांच अधिकारी एसआई कुलदीप सिंह ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे स्टेशन मास्टर की ओर से सूचना मिली थी कि यमुनानगर नहर पर बने रेलवे पुल के पास स्टेशन की तरफ रेलवे लाइन पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौके पर देखा कि व्यक्ति का शव कई हिस्सों में बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। मृतक का चेहरा पूरी तरह से कुचला हुआ था। उसकी दाहिनी टांग शरीर से अलग होकर करीब 10 मीटर दूर पड़ी थी, जबकि बायां हाथ भी कटा हुआ मिला। दाहिनी बाजू पर बना हुआ दिल पुलिस ने शव की तलाशी ली, लेकिन उसके पास से कोई पहचान पत्र या अन्य दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। देखने में मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसकी दाहिनी बाजू पर दिल का टैटू बना हुआ है, जिसे आधार बनाकर पुलिस पहचान कराने का प्रयास कर रही है। जीआरपी पुलिस ने शव के टुकड़ों को एकत्रित कर सिविल अस्पताल यमुनानगर के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों और लापता व्यक्तियों के रिकॉर्ड खंगाल रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके।
Source link
