जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से खाड़ी देशों के लिए एयर कनेक्टिविटी एक बार फिर पटरी पर लौटने लगी है। लंबे समय से बंद पड़ी अबू धाबी की दूसरी फ्लाइट सेवा अब दोबारा शुरू कर दी गई है। एतिहाद एयरवेज की फ्लाइट EY – 328 और EY – 329 के दोबारा संचालन शुरू होने से पैसेंजर्स को बड़ी राहत मिली है। दरअसल, ईरान-अमेरिका तनाव और युद्ध जैसे हालात के चलते खाड़ी देशों के लिए कई उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा था। इसी के चलते एतिहाद एयरवेज की यह फ्लाइट भी 1 मार्च से बंद कर दी गई थी। लेकिन अब क्षेत्र में सीजफायर और हालात सामान्य होने के बाद एयरलाइंस कंपनियां धीरे-धीरे अपनी सेवाएं फिर से बहाल कर रही हैं। नई व्यवस्था के तहत अबू धाबी से एतिहाद एयरवेज की फ्लाइट रात 2 बजकर 10 मिनट पर जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेगी, जबकि जयपुर से यह फ्लाइट तड़के सुबह 3 बजकर 55 मिनट पर अबू धाबी के लिए रवाना होगी। इस सेवा के शुरू होने से राजस्थान से खाड़ी देशों में काम करने वाले प्रवासी भारतीयों, व्यापारियों और पर्यटकों को काफी सुविधा मिलेगी। अब तक जयपुर से अबू धाबी के लिए केवल शाम के समय एक फ्लाइट संचालित हो रही थी, लेकिन दूसरी उड़ान शुरू होने के बाद यात्रियों को समय के लिहाज से बेहतर विकल्प मिल पाएंगे। एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की स्थिति लगातार सामान्य हो रही है। ऐसे में आने वाले समय में खाड़ी देशों के लिए अन्य सेवाओं में भी बढ़ोतरी हो सकती है। एविएशन एक्सपर्ट्स के अनुसार जयपुर एयरपोर्ट से खाड़ी देशों के लिए सीधी उड़ानों की मांग लगातार बढ़ रही है। बड़ी संख्या में राजस्थान के लोग यूएई और अन्य खाड़ी देशों में रोजगार और कारोबार से जुड़े हुए हैं। ऐसे में दूसरी फ्लाइट शुरू होने से पैसेंजर्स का दबाव कम होगा और यात्रा पहले के मुकाबले अधिक सुविधाजनक हो सकेगी।
Source link
