हनुमानगढ़ पुलिस ने आमजन से बेहतर संवाद स्थापित करने के लिए एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत अब पुलिस अधिकारी गांवों में जाकर ‘रात्रि चौपाल’ लगाएंगे और ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे सुनेंगे।
इस नवाचार की शुरुआत बुधवार रात जंक्शन थाना क्षेत्र के गांव रोडांवाली से हुई। पहली चौपाल में एसपी नरेंद्र सिंह मीना, सीओ सिटी मीनाक्षी और जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कसवां मौजूद रहे। स्कूल मैदान में असामाजिक तत्वों के जमावड़ा का उठा मुद्दा
गांव के पंचायत घर में आयोजित इस चौपाल के दौरान एसपी नरेंद्र सिंह मीणा ने ग्रामीणों को अपनी समस्याएं खुलकर बताने के लिए प्रेरित किया। शुरुआत में ग्रामीणों में कुछ संकोच दिखा, लेकिन बाद में उन्होंने पुलिस अधिकारियों से खुलकर बातचीत की। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में हिंदू, मुस्लिम और सिख समुदायों के बीच वर्षों से सौहार्द और भाईचारा कायम है। उन्होंने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली की भी सराहना की।
चौपाल में ग्रामीणों ने स्कूल मैदान में असामाजिक तत्वों के जमावड़े और बुलेट बाइकों से पटाखे जैसी आवाज निकालकर हुड़दंग करने का मुद्दा उठाया। इन शिकायतों पर एसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इस कार्यक्रम में सरपंच इसमा बीवी, पूर्व सरपंच नूर नबी भाटी, नरेंद्र डोटासरा, विद्यालय प्रिंसिपल राजाराम भाटिया, पूर्व जिला परिषद सदस्य, वार्ड पंच, पटवारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। बीट अधिकारी एएसआई निकूराम और कांस्टेबल जीतराम भी मौजूद रहे। नशे की रोकथाम पर विशेष जोर
रोडांवाली के अलावा, तलवाड़ा थाना क्षेत्र के गांव तलवाड़ा, भादरा में अनूपशहर और पीलीबंगा में खरलिया गांव में भी पुलिस-पब्लिक संवाद आयोजित किए गए, जिनमें पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हुए।
ग्राम चौपाल के दौरान एसपी ने नशे की रोकथाम पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी और पुलिस का व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 8764531201 साझा किया। एसपी ने आश्वासन दिया कि नशे की खरीद-फरोख्त की सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Source link
