छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में गजमार पहाड़ मंदिर में भगवान हनुमान जी की 51 फीट की ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके लिए वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ने भूमिपूजन किया। इस मौके पर मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन और जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। साथ ही यहां महाभंडारे का भी आयोजन किया गया। शहर के ऐतिहासिक और आस्था के केंद्र गजमार पहाड़ मंदिर को एक बड़ा पर्यटन स्थल बनाया जाएगा। गुरुवार शाम वित्त मंत्री और रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने यहां 51 फीट ऊंची कांस्य की बजरंगबली प्रतिमा स्थापित करने के लिए भूमिपूजन किया। यह कार्यक्रम वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। पूरे समय मंदिर परिसर “जय श्री राम” और “जय बजरंगबली” के नारों से गूंजता रहा। भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ केवल औद्योगिक और सांस्कृतिक पहचान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले समय में धार्मिक पर्यटन में भी अपनी अलग पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि गजमार पहाड़ पर स्थापित होने जा रही 51 फीट ऊंची कांस्य बजरंगबली प्रतिमा रायगढ़ के लिए गौरव का विषय होगी। लगभग 10 टन वजनी यह प्रतिमा जनसहयोग से निर्मित की जाएगी, जो शहरवासियों की आस्था और सहभागिता का प्रतीक बनेगी। वित्त मंत्री ने कहा कि पहाड़ मंदिर पहले से ही श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग दर्शन के लिए पहुंचते हैं। अब भव्य प्रतिमा स्थापना के बाद यह स्थल प्रदेश के प्रमुख धार्मिक पर्यटन स्थलों में शामिल होगा। पर्यटन को बढ़ावा और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा। पहाड़ मंदिर लंबे समय से आस्था का केंद्र रहा समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि गजमार पहाड़ी स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर, जो वर्ष 1980 से आस्था का केंद्र रहा है, अब एक नए स्वरूप में विकसित किया जा रहा है। वित्त मंत्री ओपी चौधरी की पहल पर पहाड़ को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना के अंतर्गत सड़क, पक्के रास्ते और अन्य बुनियादी सुविधाओं का कार्य जारी है। प्रतिमा निर्माण का काम जयपुर के प्रसिद्ध मूर्तिकार को सौंपा गया है। लगभग 51 फीट ऊंची 9 टन की यह प्रतिमा कांस्य मिश्रित धातु से निर्मित होगी। प्रतिमा को 20 फिट ऊंचे मजबूत संरचना पर स्थापित किया जाएगा।
Source link
