पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत पांड्रासाली ओपी इलाके में एक युवक का शव मिला है। मृतक की पहचान माटकोबेरा निवासी 35 वर्षीय रॉबिन बोदरा के रूप में हुई है। परिजनों ने इस घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। रॉबिन बोदरा का शव पांड्रासाली पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे पाया गया। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था और परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसके परिवार में पत्नी सुशांति बोदरा और दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक बच्चा महज डेढ़ महीने का है। देर रात तक वापस नहीं लौटा
पत्नी सुशांति बोदरा ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात रॉबिन कुछ साथियों के साथ घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। शनिवार सुबह सड़क किनारे शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, मृतक का चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ था। साथ ही, उसके कपड़े अस्त-व्यस्त थे और पीठ पर खरोंच के निशान भी पाए गए। परिजनों का आरोप है कि रॉबिन की हत्या कहीं और की गई और फिर शव को सड़क किनारे फेंका गया, ताकि इसे सड़क हादसा दिखाया जा सके। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।
Source link
