भोपाल के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में रविवार शाम 6 बजे कथित ‘लव जिहाद’ के आरोपों को लेकर जमकर हंगामा हो गया। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने एक होटल में ठहरे युवक-युवती को पकड़ लिया और मुस्लिम युवक के साथ मारपीट कर दी। कार्यकर्ताओं ने युवक के चेहरे पर कालिख और गोबर पोत दिया, उसे अर्धनग्न कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि युवती ने पुलिस के सामने किसी प्रकार के दुराचार या जबरदस्ती से साफ इनकार किया है। मामला गौतम नगर स्थित होटल प्राइड इन का है। जानकारी के मुताबिक हिंदू संगठनों को सूचना मिली थी कि होटल में एक युवक और युवती ठहरे हुए हैं। इसके बाद बड़ी संख्या में बजरंग दल कार्यकर्ता होटल पहुंच गए और दोनों को कमरे से बाहर निकाल लिया। युवक की पहचान जहांगीराबाद निवासी 27 वर्षीय आरिफ खान पिता खलील मोहम्मद के रूप में हुई है, जबकि युवती अयोध्यानगर क्षेत्र की रहने वाली बताई गई है। हिंदू संगठनों ने विरोध-प्रदर्शन किया मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने मामले को ‘लव जिहाद’ से जोड़ते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान युवक के साथ जमकर मारपीट की गई। सूचना मिलते ही गोविंदपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक-युवती को सुरक्षा में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि वह पिछले करीब पांच वर्षों से आरिफ के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है और वह उसके खिलाफ किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती। युवती ने यह भी कहा कि उसके साथ कोई जबरदस्ती या गलत व्यवहार नहीं हुआ है। हिस्ट्रीशीटर बदमाश निकला आसिफ पुलिस जांच में सामने आया कि आरिफ खान का आपराधिक रिकॉर्ड भी है। उसके खिलाफ कोहेफिजा, हनुमानगंज, गुनगा और गोविंदपुरा थानों में धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और चोरी समेत आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था और कुछ अन्य मामलों में भी उसकी तलाश की जा रही है।
Source link
