बागपत में देर रात एक सड़क हादसा हुआ। गौरीपुर मोड़ के पास हाइवे पर एक मिनी बस और जेसीबी मशीन की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बस में सवार 18 बराती घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, दूल्हा साकिब की बारात दिल्ली के अमर कॉलोनी गोल चक्कर से शामली जिले के चोसाना कस्बे गई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद सभी बराती मिनी बस से दिल्ली लौट रहे थे। बागपत क्षेत्र में गौरीपुर मोड़ के पास पहुंचते ही बस सामने चल रही जेसीबी मशीन से टकरा गई। घायलों में कई बरातियों को सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, अधिकांश घायलों की हालत खतरे से बाहर है। हादसे के बाद जेसीबी मशीन का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने जेसीबी को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है। इस दुर्घटना के कारण हाइवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Source link
