पलवल में हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एचएसएनसीबी) की टीम ने लाखों रुपए कीमत के 1 किलो 119 ग्राम गांजा के साथ एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान पलवल के राजीव नगर निवासी गौरी शंकर उर्फ गौरव शर्मा के रूप में हुई है। एचएसएनसीबी इंचार्ज मनोज कुमार ने बताया कि यूनिट में तैनात सहायक उप-निरीक्षक महेंद्र सिंह को सूचना मिली थी कि जिला अलीगढ़ (यूपी) के शिवाला खुर्द निवासी (वर्तमान में राजीव नगर, पलवल) गौरी शंकर उर्फ गौरव हेरोइन बेचने का काम करता है और फिलहाल राजीव नगर में अपने घर के बाहर गांजा बेच रहा था। सूचना मिलते ही टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी और आरोपी को गांजा सहित गिरफ्तार कर लिया। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 1 किलो 119 ग्राम गांजा और एक बुलेट बाइक बरामद हुई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया। रिमांड पर लेकर की जाएगी आरोपी से पूछताछ कोर्ट से रिमांड पर लेकर आरोपी से पूछताछ की जाएगी। यह पता लगाया जाएगा कि वह नशीला पदार्थ कहां से और किससे खरीदता था, ताकि इस नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों तक भी पहुंचा जा सके और उन्हें गिरफ्तार किया जा सके। एचएसएनसीबी ने समाज से नशे की बुराई को मिटाने के लिए जनता से सक्रिय सहयोग की अपील की है। नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि नशा तस्करी या बिक्री से संबंधित कोई भी सूचना मिलने पर तुरंत एनसीबी नेशनल हेल्पलाइन 1933, ऑनलाइन शिकायत पोर्टल या हरियाणा एनसीबी हेल्पलाइन 90508-91508 पर टोल-फ्री नंबरों पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
Source link
