फरीदकोट जिले में 3 नगर काउंसिल फरीदकोट, कोटकपूरा व जैतो के कुल 71 वार्डो के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने से पहले चुनाव लड़ने के इच्छुक विरोधी पार्टियों के उम्मीदवारों को NOC हासिल करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। नगर काउंसिल चुनाव के लिए 13 मई बुधवार से नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया शुरू होनी है, लेकिन उससे एक दिन पहले मंगलवार को नगर काउंसिल कोटकपूरा कार्यालय में उम्मीदवारों को एनओसी जारी करने के लिए कोई भी आला अधिकारी मौजूद नहीं मिला। कांग्रेस नेता ने राज्य सरकार पर खड़े किए सवाल इस दौरान कांग्रेस नेता अजयपाल सिंह संधू मौके पर पहुंचे और नगर काउंसिल अधिकारियों, जिला प्रशासन तथा राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए। उन्होंने आशंका जताई कि ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनावों की तरह नगर काउंसिल चुनावों में भी विरोधी पार्टियों के उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने से रोकने की कोशिश की जा रही है। कोटकपूरा के विभिन्न वार्डों से चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों को साथ लेकर अजयपाल सिंह संधू ने नगर काउंसिल दफ्तर के अलग-अलग कमरों का दौरा किया, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों की कुर्सियां खाली पड़ी थीं। जब इस मामले में कांग्रेस नेता ने नगर काउंसिल के ईओ से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनका मोबाइल फोन भी बंद मिला। लोकतंत्र बचाने के लिए हाई कोर्ट में दस्तक दी जाएगी-कांग्रेस इस मौके पर कांग्रेस नेता अजयपाल सिंह संधू ने कहा कि विरोधी पार्टियों के उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने से रोकने के लिए जानबूझकर अधिकारियों को दफ्तरों में मौजूद नहीं रहने दिया जा रहा। इससे पहले ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनावों के दौरान भी सत्ताधारी आम आदमी पार्टी पर इसी तरह के आरोप लगे थे। संधू ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विरोधी पार्टियों के उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने से रोकने की कोशिश की गई तो लोकतंत्र बचाने के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया जाएगा।
Source link
