मुख्य बातें

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक: सांसद ने आयुक्त को रोजाना शहर की सफाई का निरीक्षण करने के लिए कहा – Salumber News

जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक:  सांसद ने आयुक्त को रोजाना शहर की सफाई का निरीक्षण करने के लिए कहा – Salumber News

सलूंबर में बुधवार को सांसद मन्नालाल रावत की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक हुई। सलूंबर पंचायत समिति सभागार में आयोजित इस बैठक में विकास कार्यों की धीमी प्रगति, अधूरी योजनाओं और जनसुविधाओं को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए। सांसद ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार विकास कार्यों को गति दे रही है, इसलिए योजनाओं का असर धरातल पर दिखना चाहिए। सांसद रावत ने विभागवार योजनाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने पंचायती राज विभाग को निष्क्रिय जॉब कार्ड वापस सक्रिय करने के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा। साथ ही, “विबी जीरामजी अभियान” शुरू होने से 15 दिन पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। सांसद ने अधिकारियों को अपनी कमियां चिन्हित कर गंभीरता से सुधार करने की चेतावनी भी दी। आयुक्त को रोजाना सुबह शहर का निरीक्षण करने के निर्देश दिए स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। सांसद ने नगर परिषद आयुक्त को प्रतिदिन सुबह शहर का निरीक्षण करने और हर वार्ड व गली की सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अमृत अभियान के तहत नदी-नालों के विकास और सफाई कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। बैठक में जल संकट और पेयजल व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सांसद ने जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों, खुदी सड़कों और खराब पड़े हैंडपंपों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला ने हैंडपंप मरम्मत में लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। सांसद रावत ने जिले की सभी बावड़ियों के पुनरुद्धार और संरक्षण के लिए जल स्वावलंबन अभियान के तहत प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने हर सप्ताह जल संरक्षण से जुड़ी विशेष गतिविधियां आयोजित करने पर जोर देते हुए कहा कि पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण समय की आवश्यकता है। चिकित्सा सेवाओं को लेकर भी बैठक में अहम निर्णय लिए गए। सांसद ने सेमाल पीएचसी के भूमि आवंटन मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, झल्लारा में तैनात एम्बुलेंस सेवा को सलूंबर क्षेत्र में प्रभावी ढंग से संचालित रखने को कहा गया, ताकि ग्रामीणों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके। सांसद ने पंचायती राज एवं शिक्षा विभाग के समन्वय से 29 विद्यालयों में शौचालय निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल, बिजली और सड़क व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। साथ ही राज्य सरकार के आगामी अभियानों “एक पेड़ मां के नाम” सहित अन्य जनअभियानों के सफल संचालन को लेकर भी चर्चा हुई। ये रहे मौजूद
इस अवसर पर शांता अमृत लाल मीणा, थावरचंद मीणा, जिला परिषद अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश चंद्र पाटीदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *