किशनगंज के गलगलिया थाना क्षेत्र में एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान भारी मात्रा में ब्राउन शुगर, भारतीय और विदेशी मुद्रा बरामद की गई। गुप्त सूचना के आधार पर हुई छापेमारी में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई गलगलिया थाना क्षेत्र के नेंगडाडुबा गांव निवासी 48 वर्षीय चान मोहम्मद के घर पर की गई। एसएसबी भातगांव, एसएसबी नेमुगुड़ी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान 120 ग्राम ब्राउन शुगर, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और एक मोबाइल फोन बरामद किया। घर से कुल 7 लाख 76 हजार 500 रुपये भारतीय मुद्रा और 1 लाख 28 हजार रुपये नेपाली मुद्रा जब्त की गई। इसके अतिरिक्त, कतर के 27 नोट, मलेशिया का एक नोट, चीन के 10 नोट और सऊदी अरब के 12 नोट सहित विभिन्न देशों की विदेशी करेंसी भी बरामद हुई है। छापेमारी के बाद गिरफ्तार किया गलगलिया थाना अध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि बरामद ब्राउन शुगर की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। छापेमारी के बाद आरोपी चान मोहम्मद को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उससे इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए पूछताछ की जा रही है। इस संयुक्त कार्रवाई में ठाकुरगंज अंचल निरीक्षक पंकज पंथ, सह थानाध्यक्ष राकेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक भूषण झा, महिला सिपाही सपना कुमारी, महिला सिपाही मनीषा कुमारी, बीएचजी तरुण कुमार, राजेंद्र गणेश और मिथुन गणेश शामिल थे। एसएसबी नेमुगुड़ी और भातगांव की टीमों ने भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link
