देशभर के मेडिकल स्टोर 20 मई को बंद रहेंगे। जिला केमिस्ट एसोसिएशन ने ऑनलाइन दवा कारोबार के विरोध में यह हड़ताल बुलाई है।
इस दौरान मरीजों और आमजन को दवाइयां मिलने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। एसोसिएशन ने लोगों से 20 मई से पहले अपनी जरूरत की दवाइयां खरीदने की अपील की है। मंभा चौराहे से मिनी सचिवालय तक निकालेंगे रैली
जिला केमिस्ट एसोसिएशन के जिला सचिव अरुण शोरी ने बताया कि झालावाड़ जिले के करीब 550 मेडिकल स्टोर संचालक और दवा थोक विक्रेता हड़ताल में शामिल रहेंगे। विरोध स्वरूप मंभा चौराहे से मिनी सचिवालय तक एक रैली निकाली जाएगी। इसके बाद जिला कलेक्टर को विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। ऑनलाइन दवा कारोबार को लेकर है विरोध
मेडिकल स्टोर संचालकों का मुख्य विरोध ऑनलाइन दवा कारोबार को लेकर है। उनका कहना है कि बड़ी कंपनियां ऑनलाइन माध्यम से दवाइयां 40 प्रतिशत तक कम कीमत पर बेच रही हैं। इससे स्थानीय मेडिकल स्टोर और सप्लायर बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। संचालकों ने आरोप लगाया कि दवा निर्माता कंपनियां खुदरा और थोक विक्रेताओं को बेहद कम मार्जिन देती हैं, जबकि ऑनलाइन कारोबार से जुड़ी कंपनियों को अधिक कमीशन उपलब्ध कराया जाता है।
ऑनलाइन दवा बिक्री के बढ़ते चलन से स्थानीय मेडिकल व्यवसाय प्रभावित हो रहा है, जिससे छोटे दुकानदारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कई मेडिकल स्टोर किराए की दुकानों में संचालित हो रहे हैं, जिससे बढ़ते खर्च और किराए के चलते संचालकों पर आर्थिक दबाव बढ़ गया है।
Source link
