शिवपुरी जिले के अमोला थाना क्षेत्र के नयागांव में रास्ते के पुराने विवाद ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में तीन लोग घायल हो गए। घायलों में एक पक्ष के महेंद्र बेस और पर्वत सिंह शामिल हैं, जबकि दूसरे पक्ष के गजेंद्र सिंह बेस भी घायल हुए हैं। गंभीर रूप से घायल महेंद्र बेस को मेडिकल कॉलेज से ग्वालियर रेफर किया गया है। सुबह मारपीट हुई थी फिर दोपहर में हथियार लेकर लौटे आरोपी घायल पक्ष के देवेंद्र बेस ने बताया कि उनके परिवार का मलखान बेस के साथ रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। गुरुवार सुबह महेंद्र बेस मलखान के खेत के पास से पैदल निकल रहे थे। इसी दौरान मलखान और उसके बेटे गजेंद्र बेस ने उनके साथ मारपीट कर दी। दोपहर में मलखान बेस और उसके बेटे गजेंद्र ने अपने रिश्तेदारों को बुलाकर हमला करने की योजना बनाई। घर के बाहर खड़े युवक पर की फायरिंग दोपहर करीब 3 से 4 बजे के बीच महेंद्र बेस अपने घर के बाहर खड़े थे। तभी मलखान, गजेंद्र और उनके साथ आए करीब आधा दर्जन लोग हथियार लेकर पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।इस हमले में महेंद्र बेस को गोली लग गई। उन्हें बचाने पहुंचे उनके ताऊ पर्वत सिंह को भी पैर में दो गोलियां लगीं। सुबह पुलिस के पास गए थे देवेंद्र बेस का आरोप है कि घटना की शिकायत लेकर दोनों पक्ष अमोला थाने पहुंचे थे, लेकिन उस समय पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई हो जाती, तो गांव में गोलीबारी जैसी घटना नहीं होती। दूसरे पक्ष का युवक भी घायल दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। महेंद्र बेस की हालत गंभीर होने पर उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, गोलीबारी में दूसरे पक्ष के गजेंद्र सिंह बेस को भी गोली लगी है। अमोला थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। थाना प्रभारी अंशुल गुप्ता से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।
Source link
