मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र में एक नाबालिग हिंदू युवती को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने देर रात आरोपी मोनू उर्फ शाहरुख को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी पहचान छिपाकर खुद को ‘मोनू’ बताया था। इसी नाम से उसने नाबालिग युवती को प्रेम जाल में फंसाया। आरोप है कि 12 मई को वह युवती को लेकर फरार हो गया। किशोरी के परिजनों ने गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित की। तेजी से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी क्रम में, नई मंडी थाना क्षेत्र की एटूजेड रोड पर देर रात पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने खुद को घिरा देखकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार एक गुड़ कोल्हू पर मजदूरी करता है, जहां आरोपी का अक्सर आना-जाना था। इसी दौरान उसने युवती से संपर्क बढ़ाया और उसे अपने झांसे में ले लिया। परिवार ने इस मामले में धर्म परिवर्तन की आशंका जताई है, जिस पर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है। सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि आरोपी की पूरी आपराधिक पृष्ठभूमि खंगाली जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या वह पहले भी इसी तरह की घटनाओं में शामिल रहा है।
Source link
