लुधियाना में घोड़ी की सवारी को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि कुछ निहंग युवकों ने घर में घुसकर व्यक्ति से मारपीट की और जाते समय उसकी लाइसेंसी पिस्टल भी अपने साथ ले गए। इस केस में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। थाना सदर पुलिस ने 7 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता जसकवलदीप सिंह निवासी स्टार एंक्लेव, गांव गिल मलैरकोटला रोड ने पुलिस को बताया कि उसने अपने शौक के लिए घर के पास बने पशुओं वाले स्थान पर घोड़े रखे हुए हैं। उनकी देखरेख वह खुद करता है और वहीं रहता भी है। 13 मई को हुई मारपीट
पीड़ित के मुताबिक 13 मई 2026 को आरोपी रमण निहंग अपने साथियों के साथ वहां पहुंचे और घोड़ों की सवारी करने की बात कहने लगे। जब उसने मना किया तो आरोपी उससे बहसबाजी करने लगे। विवाद बढ़ता देख वह अपने घर के अंदर चला गया। आरोप है कि इसके बाद सभी आरोपी घर में घुस आए और उसके साथ मारपीट की। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकियां भी दीं। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी गोपी निहंग उसके घर से उसकी .32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल, जिसमें 7 जिंदा राउंड लोड थे, लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले में शिंगारा सिंह निवासी गांव गिल, मनी निहंग निवासी आलमगीर, गोपी निहंग निवासी लोहरा, दविंदर सिंह उर्फ लखा निहंग निवासी लोहरा, मनु निवासी लोहरा, गुरमुख सिंह निवासी शिमलापुरी, सनमप्रीत सिंह निवासी ट्रांसपोर्ट नगर सहित अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। थाना सदर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 118(1), 191(3), 190 और 351(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link
