बैतूल जिले में शनिवार रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, रात 9 बजकर 31 मिनट 2 सेकंड पर 3.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसके झटके मुलताई, पांढुर्णा और आसपास के क्षेत्रों में महसूस हुए। भूकंप का केंद्र बैतूल जिले में मुलताई के मानीखापा गांव के पास स्थित था। इसकी गहराई जमीन से करीब 10 किलोमीटर नीचे बताई गई है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, यह केंद्र पचमढ़ी से लगभग 68 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व दिशा में था। खिड़कियां और दरवाजे हिलने लगे
मुलताई में कई लोगों ने घरों के गेट, खिड़कियां और दरवाजे हिलते हुए देखे। समाजसेवी पाशा खान ने बताया कि रात करीब 9:31 बजे अचानक कंपन महसूस हुआ और घर का गेट हिलने लगा। इसके बाद भी हल्के झटके कुछ देर तक महसूस होते रहे, जिससे लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। भूकंप की तीव्रता 3.9 रिक्टर स्केल होने के बावजूद, केंद्र की गहराई कम होने के कारण कंपन अधिक महसूस हुआ। मुलताई और पांढुर्णा सहित कई इलाकों में लोग देर तक घरों के बाहर खड़े रहे। लोगों ने एक-दूसरे को फोन कर जानकारी ली और सतर्कता बरती। नुकसान की कोई सूचना नहीं
राहत की बात यह है कि अब तक किसी प्रकार की जनहानि या बड़े नुकसान की कोई सूचना सामने नहीं आई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में हल्के कंपन महसूस हो रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, मुख्य भूकंप के बाद आफ्टरशॉक्स की संभावना बनी रहती है। इसलिए लोगों को जर्जर भवनों से दूर रहने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Source link
