चौथ का बरवाड़ा उपखंड क्षेत्र के भेडोली गांव में रविवार दोपहर एक युवती कुएं में गिर गई। जानकारी के अनुसार- प्रियंका गुर्जर (18) पुत्री कैलाश गुर्जर खेत पर पशुओं के लिए चारा काटने गई थी। इसी दौरान प्यास लगने पर वह पास के कुएं पर पानी पीने पहुंची, जहां पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गई। कुएं में गिरने का पता शाम को तलाश करने और कुएं के पास चप्पल मिलने से लग पाया। रात करीब 9:30 बजे तक चार मोटर से कुएं का पानी निकला गया। इसके बाद सिविल डिफेंस की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर शव को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंचकर कुएं में उतरकर युवती की तलाश में जुटी। युवती के पिता कैलाश गुर्जर ने बताया कि प्रियंका देर तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान कुएं के पास उसकी चप्पल और दुपट्टा पड़े मिले, जिससे आशंका हुई कि वह कुएं में गिर गई है। ग्रामीणों द्वारा कुएं से पानी निकालने के लिए इंजन चलाकर पानी बाहर निकलना शुरू किया। करीब चार मोटर की सहायता से रात 9:30 बजे कुएं में पानी कम हुआ, जिसके बाद युवती की बॉडी बाहर निकाली जा सकी।
Source link
