.
भारत में इस बार सूखा और भीषण गर्मी पड़ने की आशंका है। उधर, यूपी में पुलिस विभाग रील बनाने वाले अफसरों और सिपाहियों पर एक्शन के मूड में है। मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ में नीदरलैंड में दी गई PM मोदी की स्पीच के बारे में भी बताएंगे।
⏰ आज का प्रमुख इवेंट, जिस पर रहेगी नजर…
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नीदरलैंड से स्वीडन के लिए रवाना होंगे।
📰 कल की बड़ी खबरें…
1. भारत में सूखा-भीषण गर्मी पड़ने की आशंका, सुपर अल नीनो मई-जुलाई से सर्दियों तक जारी रहने के आसार
इस साल भारत में भीषण गर्मी और सूखा पड़ने की आशंका है। अमेरिकी मौसम एजेंसी के मुताबिक, प्रशांत महासागर का तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री से ज्यादा दर्ज हुआ है। जिससे सुपर अल-नीनो एक्टिव हो सकता है। ऐसे में भारत की तरफ आने वाली मानसूनी हवाओं पर असर पड़ेगा और गर्मी बढ़ेगी।
लू की चेतावनी देने का तरीका बदलेगा: देश में हीटवेव की चेतावनी देने का तरीका बदल सकता है। IMD नए नियम बनाने की तैयारी में है, क्योंकि मौजूदा सिस्टम केरल जैसे राज्यों में असरदार नहीं माना जा रहा। केरल में गर्मी और उमस बढ़ने के बावजूद हीटवेव अलर्ट जारी नहीं हो पाया। हालांकि, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में लू का असर जारी है।
2. ऊर्जा संकट पर मोदी बोले- हालात नहीं बदले तो गरीबी के दलदल में फंसेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीदरलैंड में दुनिया के मौजूदा हालात पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि ये दशक आपदाओं का दशक बन गया है। दुनिया पहले कोरोना, फिर युद्ध और अब ऊर्जा संकट से जूझ रही है। अगर हालात नहीं बदले तो बीते कई दशकों के काम पर पानी फिर जाएगा और दुनिया की बहुत बड़ी आबादी गरीबी के दलदल में फंस जाएगी।
PM मोदी 9 साल बाद नीदरलैंड पहुंचे: इस दौरान नीदरलैंड ने भारत को 11वीं सदी की ‘अनाइमंगलम कॉपर प्लेट्स’ लौटाई। वहीं, PM मोदी ने नीदरलैंड कंपनियों को भारत में निवेश का न्योता दिया।

3. यूपी के रीलबाज पुलिस अफसर-सिपाही नपेंगे, STF चीफ बोले- इमेज खराब हो रही

यूपी में रीलबाज पुलिस वालों पर अब विभाग एक्शन की तैयारी में है। शनिवार को STF चीफ और अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) कानून-व्यवस्था अमिताभ यश ने सख्त आदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि रीलबाज पुलिस अफसर और जवानों को बख्शा नहीं जाएगा। सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
सोशल मीडिया पर ज्यादा समय बिता रहे पुलिस कर्मी: पुलिस के अफसर और जवान लगातार सोशल मीडिया पर एक्टिव हैं। बड़े अफसरों की बार-बार चेतावनी के बावजूद उनकी रीलबाजी थम नहीं रही। मुजफ्फरनगर में अभी 4 दिन पहले ही रील बनाने के आरोप में एक दरोगा और कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया।
आदेश की 3 बड़ी बातें…
1. पहचान कर तुरंत कार्रवाई होगी: सभी जिलों को आदेश दिया गया है कि वे अपने ऐसे पुलिसकर्मियों की पहचान करें, जो सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन कर रहे हैं। उनके खिलाफ तुरंत विभागीय एक्शन लें।
2. हर महीने देना होगा हिसाब: सोशल मीडिया पॉलिसी का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट हर महीने पुलिस मुख्यालय को भेजनी होगी।
3. URL के साथ रखा जाएगा पूरा रिकॉर्ड: पुलिस मुख्यालय को रिपोर्ट भेजने के साथ-साथ उस आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट का स्क्रीनशॉट और उसका URL (वेब लिंक) भी अपने रिकॉर्ड के तौर पर सुरक्षित रखना होगा। जिससे सबूत पक्का रहे।
4. प्रतीक की अस्थि विसर्जन में अपर्णा फूट-फूटकर रोईं, बेटी ने ‘आई लव पापा’ का कार्ड प्रवाहित किया

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव की अस्थियां शनिवार को हरिद्वार में गंगा में विसर्जित की गईं। शिवपाल यादव के सांसद बेटे आदित्य ने अस्थियों को गंगा में प्रवाहित किया। इस दौरान पत्नी अपर्णा फूट-फूटकर रोईं। परिवार के लोगों ने उन्हें संभाला। छोटी बेटी पद्मजा ने अस्थियों को माथे से लगाया और रोने लगी।
बेटियों संग हाथ जोड़कर बैठी रहीं अपर्णा: पद्मजा ने ‘I LOVE PAPA’ लिखा कार्ड गंगा में प्रवाहित किया। यह देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भर आईं। इससे पहले, योग गुरु बाबा रामदेव की मौजूदगी में घाट पर पुरोहितों ने पूजा-अनुष्ठान कराया। अपर्णा दोनों बेटियों प्रथमा और पद्मजा के साथ हाथ जोड़कर बैठी रहीं।
यादव परिवार भी हरिद्वार पहुंचा: अपर्णा चार्टर्ड प्लेन से लखनऊ से हरिद्वार पहुंचीं। साथ में तेज प्रताप यादव, अक्षय यादव, अपर्णा के पिता अरविंद बिष्ट और भाई अमन भी थे। इसके बाद पूरा परिवार हरिद्वार से कनखल रवाना हो गया। प्रतीक यादव का लखनऊ में 13 मई को 38 साल की उम्र में निधन हो गया था। 14 मई को उनका अंतिम संस्कार किया गया था।
5. दावा- ईरान पर दोबारा हमले की तैयारी में अमेरिका, 50 हजार सैनिक और युद्धपोत तैनात

अमेरिका अगले हफ्ते ईरान पर दोबारा हमला कर सकता है। न्यूयॉर्क टाइम्स की मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने ईरान पर हमले के कई विकल्प तैयार किए हैं। इनमें सैन्य और परमाणु ठिकानों पर बड़े हवाई हमले शामिल हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अमेरिका ने मिडिल-ईस्ट में 50 हजार से ज्यादा सैनिक, दो एयरक्राफ्ट कैरियर, कई नेवी डेस्ट्रॉयर और बड़ी संख्या में लड़ाकू विमान तैनात किए हैं।
ट्रम्प-जिनपिंग में ईरान जंग पर दो बातों पर सहमति: दोनों नेताओं ने माना कि मौजूदा युद्ध खत्म होना चाहिए और होर्मुज स्ट्रेट पूरी तरह खुला रहना चाहिए। हालांकि चीन ने युद्ध खत्म कराने में बड़ी भूमिका के संकेत नहीं दिए।
6. चांदी के आयात पर सरकार ने पाबंदी लगाई, अब विदेश से मंगाने के लिए लाइसेंस जरूरी

केंद्र सरकार ने चांदी के आयात पर नए प्रतिबंध लगाए हैं। सरकारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, अब 99.9% शुद्धता वाला सिल्वर बार, अनरॉट सिल्वर ( कच्ची चांदी), चांदी पाउडर और सोने या प्लेटिनम की परत चढ़ी चांदी को विदेश से मंगाने के लिए सरकार की अनुमति लेनी होगी। सरकार ने गैर-जरूरी आयात और विदेशी मुद्रा खर्च कम करने के लिए यह फैसला लिया है।
7. NEET पेपर लीक केस- पुणे की लेक्चरर गिरफ्तार; NTA की पेपर सेटिंग कमेटी का हिस्सा थी

आरोपी लेक्चरर को दिल्ली में CBI हेडक्वार्टर में पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।
NEET पेपर लीक मामले में पुणे की बायोलॉजी लेक्चरर मनीषा मांढरे को गिरफ्तार किया गया है। CBI के मुताबिक, मनीषा मांढरे NTA की पेपर सेटिंग कमेटी का हिस्सा थी और उसे परीक्षा के सवाल पहले से पता थे। उसने अपनी कोचिंग क्लास में छात्रों को बॉटनी और जूलॉजी के कई सवाल भी बताए थे।
अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार: CBI ने पेपर लीक मामले में दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मनिषा वाघमारे और पेपर लीक के मास्टरमाइंड पीवी कुलकर्णी से पूछताछ के आधार पर ही मनीषा मांढरे की गिरफ्तारी हुई। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने लीक पेपर देने के बदले छात्रों से लाखों रुपए लिए।
राहुल बोले- मोदी चुप्पी तोड़ें: नेता विपक्ष राहुल गांधी ने पेपर लीक पर PM मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए। राहुल ने X पर वीडिया जारी करते हुए कहा- NEET के 22 लाख बच्चों के साथ धोखा हुआ है। लेकिन मोदी जी एक शब्द भी नहीं बोल रहे हैं। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अभी हटाइए, या खुद जवाबदेही लीजिए।

🎭 आज का कार्टून

⚡ कुछ अहम खबरें हेडलाइन में…
- इंटरनेशनल: पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चीफ नकवी भारत आ सकते हैं: ICC ने बोर्ड मीटिंग के लिए अहमदाबाद बुलाया, IPL फाइनल भी अटेंड करने की संभावना (पूरी खबर पढ़ें)
- नेशनल: CJI सूर्यकांत ने कॅाकरोच वाले बयान पर सफाई दी: कहा- इसे गलत तरीके से पेश किया गया, मैंने फर्जी डिग्रीधारियों की आलोचना की थी (पूरी खबर पढ़ें)
- बॉलीवुड: दावा- पाकिस्तान में धुरंधर 2 नंबर-1 ट्रेंडिंग फिल्म बनी:पाकिस्तानी क्रिएटर बोले- नेटफ्लिक्स पर 24 घंटे में 20 करोड़ व्यूज मिले, सर्वर क्रैश (पूरी खबर पढ़ें)
- नेशनल: जम्मू-कश्मीर में 28 दिनों में 733 ड्रग तस्कर गिरफ्तार:47 के घर पर बुलडोजर चला; 114 केमिस्ट दुकानों के लाइसेंस सस्पेंड (पूरी खबर पढ़ें)
- इंटरनेशनल: ISIS के नंबर-2 कमांडर की अमेरिकी ऑपरेशन में मौत:अफ्रीका में छिपा था; ट्रम्प बोले- वह दुनिया का सबसे एक्टिव आतंकी था (पूरी खबर पढ़ें)
- नेशनल: केंद्रीय मंत्री बंदी के बेटे की गिरफ्तारी पर रोक नहीं:POCSO केस में कोर्ट ने अंतरिम जमानत पर फैसला टाला; नाबालिग से सेक्सुअल हैरेसमेंट का आरोप (पूरी खबर पढ़ें)
- नेशनल: ममता बोलीं- जो TMC छोड़कर जाना चाहता है जाए: पार्टी को फिर खड़ा करने की अपील; कहा- जरूरत पड़ी तो खुद दफ्तर पेंट करूंगी (पूरी खबर पढ़ें)
- एमपी: हाईकोर्ट के फैसले के बाद भोजशाला में हनुमान-चालीसा पाठ हुआ:मां वाग्देवी की पूजा हुई, श्रद्धालु बोले- सालों बाद बिना रोक-टोक दर्शन हो रहे (पूरी खबर पढ़ें)
- नेशनल: ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी के खिलाफ FIR:आरोप- चुनाव प्रचार में भड़काऊ भाषण दिए, अमित शाह को लेकर धमकी भरा बयान दिया (पूरी खबर पढ़ें)
- एमपी: दिग्विजय सिंह बोले- मैं घोर सनातनी हूं:उषा ठाकुर से कहा-क्या तुमने नर्मदा परिक्रमा की है? पूर्व मंत्री बोलीं-पक्के सनातनी हैं, तो मानते क्यों नहीं (पूरी खबर पढ़ें)
- इंटरनेशनल: मालदीव में इटली के 5 गोताखोरों की मौत:समुद्र के नीचे गहरी गुफाओं की खोज में निकले थे, सिर्फ एक का शव मिला (पूरी खबर पढ़ें)
🗣️ बयान जो चर्चा में है…

😲 खबर हटके…
पति ने खुद कराई पत्नी और उसके प्रेमी की शादी

बिहार के सारण में एक पति ने अपनी 4 बच्चों की पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करा दी। पति को दोनों के अफेयर की जानकारी मिल गई थी। इसके बाद पंचायत की बैठक में उसने खुशी-खुशी अपनी पत्नी का हाथ उसके प्रेमी के हाथ में सौंप दिया। पूरी खबर पढ़ें…
📸 फोटो जो खुद में खबर है

🌟 भास्कर की एक्सक्लूसिव स्टोरीज, जो सबसे ज्यादा पढ़ी गईं…
⏳आज के दिन का इतिहास

🌦️ मौसम का मिजाज

वृष राशि वालों को रोजगार से जुड़ी खुशखबरी मिल सकती है। मिथुन राशि वालों की बड़ी रुकी पेमेंट मिलने के योग हैं। जानिए आज का राशिफल…
आपका दिन शुभ हो, पढ़ते रहिए दैनिक भास्कर ऐप…
मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ को और बेहतर बनाने के लिए हमें आपका फीडबैक चाहिए। इसके लिए यहां क्लिक करें…
