शिमला जिले के रामपुर में पर्यटन स्थल नारकंडा से 8 किलोमीटर दूर स्थित प्रसिद्ध मां हाटूवाली मंदिर में रविवार से हाटू मेला शुरू हो गया है। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अपनी धर्मपत्नी के साथ पूजा अर्चना करने के बाद मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इससे पहले, पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह अपने परिवार के साथ यहां पहुंचकर मेले की शुरुआत करते थे। रविवार को मंदिर पहुंचने पर मंदिर कमेटी और स्थानीय लोगों ने मंत्री विक्रमादित्य सिंह का फूलमालाएं पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना की। हाटू माता मंदिर कमेटी के अध्यक्ष कंवर भूपेंदर सिंह ने बताया कि हाटू मेला हर वर्ष ज्येष्ठ माह की संक्रांति को मनाया जाता है। इस बार भी यह मेला हर वर्ष की भांति धूमधाम से आयोजित होगा और अगले एक माह तक चलेगा। इस वर्ष मंदिर कमेटी ने मंदिर के आसपास कोई भी दुकान न सजाने के निर्देश दिए हैं, जबकि मंदिर के नीचे मैदान में दुकानें सजाने की अनुमति रहेगी। हजारों की संख्या में पहुंचते हैं श्रद्धालु भूपेंदर सिंह ने यह भी बताया कि मेले में माता के दर्शन के लिए विभिन्न स्थानों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ये श्रद्धालु माता के दर्शन और पूजा अर्चना करके सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लेते हैं। इस मंदिर में हजारों लोगों की गहरी आस्था है, और मेले के अलावा नवरात्र तथा अन्य पर्वों पर भी यहां श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। पुलिस बल की तैनाती मेले को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने जानकारी दी कि थाना प्रभारी जय देव की अगुवाई में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस मेले की सभी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो।
Source link
