देवली उपखंड क्षेत्र के नासिरदा कस्बे स्थित लक्ष्मीनाथ भगवान मंदिर परिसर में ग्राम विकास रथ कार्यक्रम के तहत जनसुनवाई शिविर लगा। शिविर में विधायक राजेंद्र गुर्जर और उपखंड अधिकारी रूबी अंसार मौजूद रहे। देर शाम तक चले शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, अवैध अतिक्रमण, नालियों की सफाई, बंद रास्तों और अवैध नशे के कारोबार को लेकर अधिकारियों के सामने शिकायतें रखीं। शिविर में सबसे ज्यादा नाराजगी पानी की कम सप्लाई और मंदिर परिसर में डोम निर्माण कार्य को लेकर देखने को मिली। पेयजल संकट बना सबसे बड़ा मुद्दा भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों ने पानी की कम सप्लाई को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में पानी की सप्लाई बेहद कम हो रही है। साथ ही पाइप लाइन टूटने के बाद उसे ठीक करने में विभाग पांच-पांच दिन लगा देता है, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक राजेंद्र गुर्जर और उपखंड अधिकारी रूबी अंसार ने मौके पर मौजूद जलदाय विभाग के सहायक अभियंता से जवाब मांगा। प्रति व्यक्ति 35 लीटर पानी सप्लाई होने की जानकारी जलदाय विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में बघेरा पंप हाउस से क्षेत्र में प्रति व्यक्ति 55 लीटर के बजाय करीब 35 लीटर पानी की ही सप्लाई हो पा रही है। अधिकारियों ने कहा कि पानी की कमी की समस्या से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया गया है और सप्लाई बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। डोम निर्माण में भ्रष्टाचार के लगाए आरोप जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने लक्ष्मीनाथ भगवान मंदिर प्रांगण में करीब 7 लाख रुपए की लागत से बंद पड़े डोम निर्माण कार्य को लेकर भी नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार बाबूलाल मीणा ने निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार किया है। साथ ही विकास अधिकारी रानू कंवर पर भी ठेकेदार पर मेहरबान रहने के आरोप लगाए। ग्रामीणों ने कहा कि भगवान के घर से जुड़े काम में भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध नशे के कारोबार पर कार्रवाई की मांग ग्रामीणों ने कस्बे में बढ़ते अवैध नशे के कारोबार को लेकर थाना पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की। इस पर थाना प्रभारी नेकीराम जाट ने बताया कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि हाल ही में पुलिस ने 11 ग्राम स्मैक के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया था, जो फिलहाल जेल में है। थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दें, सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। अनुपस्थित अधिकारियों पर विधायक ने जताई नाराजगी विधायक राजेंद्र गुर्जर ने विकास अधिकारी रानू कंवर से निर्माण कार्य की जानकारी मांगी और जांच कराने की बात कही। वहीं पंचायत समिति के सहायक अभियंता के लगातार शिविरों में अनुपस्थित रहने पर विधायक ने नाराजगी जताई और अधिकारियों को जिम्मेदारी के साथ शिविरों में उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उपखंड अधिकारी रूबी अंसार ने शिविर में मिली दो दर्जन से अधिक शिकायतों की सुनवाई कर संबंधित विभागों को जल्द समाधान के निर्देश दिए। इनपुट: महेंद्र धाकड़, नासिरदा।
Source link
