महेंद्रगढ़ जिले के नांगल चौधरी क्षेत्र स्थित अरावली पर्वतमाला में रविवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। रविवार लगी आग को 12 घंटे बाद सोमवार को काबू पाया गया। आग बुझाने में तीन जिलों की 9 गाड़ियां लगी। रविवार शाम को सरेली और बिगोपुर गांव के पहाड़ी क्षेत्र में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि प्रशासन, वन विभाग और फायर ब्रिगेड की टीमों को तुरंत मोर्चा संभालना पड़ा। करीब 12 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पाया जा सका। 9 गाड़ियां पहुंची आग बुझाने के लिए नारनौल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी और दादरी से दमकल विभाग की 9 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वन विभाग, पंचायती विभाग और पुलिस की टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं। आग की चपेट में आकर करीब 25 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले पेड़-पौधे जलकर राख हो गए। ग्रामीणों ने भी की मदद मौके पर एसडीएम उदय सिंह स्वयं टीमों के साथ डटे रहे। वन विभाग के अधिकारी रजनीश, फायर ब्रिगेड के सब फायर ऑफिसर राजकुमार, पंचायती विभाग के अधिकारी मानवेन्द्र, आसपास के गांवों के सरपंच और समाजसेवी भी राहत कार्य में जुटे रहे। ग्रामीणों ने भी पानी, मिट्टी और हरी टहनियों की मदद से आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया। जंगली जानवर रहते आग के कारण अरावली क्षेत्र के वन्य जीवन को भी भारी नुकसान पहुंचने की आशंका है। यह इलाका नीलगाय, खरगोश, सियार, मोर, सांप और कई दुर्लभ पक्षियों का प्राकृतिक आवास माना जाता है। तेज लपटों और धुएं के कारण कई जंगली जीव जंगल से बाहर भागते दिखाई दिए।
Source link
